कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल अपने चरम पर पहुंच चुकी है। भाजपा द्वारा पहली सूची जारी किए जाने के बाद अब तृणमूल कांग्रेस ने भी अपना पूरा चुनावी प्लान सामने रख दिया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में 294 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान करते हुए चुनावी मुकाबले को और भी दिलचस्प बना दिया है। देखें पूरी लिस्ट…mamta list
भवानीपुर से ममता बनर्जी लड़ेंगी चुनाव
बता दें सबसे हाई-प्रोफाइल सीट भवानीपुर से ममता बनर्जी खुद मैदान में उतरेंगी, जबकि नंदीग्राम से पवित्र पाल को टिकट दिया गया है यानी 2021 की चर्चित लड़ाई इस बार नए चेहरे के साथ दोहराई जाएगी। इसके अलावा कुणाल घोष को बेलेघाटा से उम्मीदवार बनाया गया है।
जानकारी के मुताबिक, टीएमसी ने इस बार सोशल इंजीनियरिंग पर खास फोकस किया है। पार्टी ने 52 महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया है, जबकि 95 सीटों पर SC/ST समुदाय से आने वाले नेताओं को मौका दिया गया है। इसे पार्टी का “इन्क्लूसिव इलेक्शन मॉडल” माना जा रहा है, जो अलग-अलग वर्गों को साधने की रणनीति का हिस्सा है।
अन्य प्रमुख सीटों पर भी दिलचस्प मुकाबले देखने को मिलेंगे। जिसमें खड़गपुर सदर से प्रदीप सरकार, सिलीगुड़ी से गौतम देव और रायगंज से कृष कल्याणी को मैदान में उतारा गया है। वहीं आसनसोल साउथ में भी मुकाबला हाई-वोल्टेज रहने की उम्मीद है।
सूत्रों के अनुसार, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ममता बनर्जी ने भाजपा पर तीखे हमले भी किए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है और महंगाई जैसे मुद्दों से ध्यान भटका रही है। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए निष्पक्ष चुनाव की मांग की।
साथ ही ममता बनर्जी ने दावा किया कि इस बार टीएमसी 226 से ज्यादा सीटें जीतकर सत्ता में वापसी करेगी। साथ ही उन्होंने विपक्षी दलों से भाजपा के खिलाफ एकजुट होने की अपील भी की।
अब जब दोनों प्रमुख पार्टियां मैदान में उतर चुकी हैं, तो बंगाल का चुनाव एक बार फिर हाई-स्टेक्स पॉलिटिकल बैटल में बदल गया है, जहां हर सीट पर कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।

