बालाघाट: जिस बेटी ने एयर होस्टेस बनकर अपने सपनों को उड़ान दी, उसी की जिंदगी का अंत बेहद बेरहमी से कर दिया गया। महाराष्ट्र के बोंडरानी में वैनगंगा नदी के किनारे 35 वर्षीय एयर होस्टेस वर्षा तुरकर का शव खून से लथपथ हालत में मिला। शरीर पर धारदार हथियार से किए गए चार वार हत्या की क्रूरता बयां कर रहे हैं।बालाघाट की रहने वाली वर्षा तुरकर की हत्या ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस बेटी के घर लौटने से दीपावली की खुशियां दोगुनी हो गई थीं, उसकी मौत से अब घर में मातम पसरा है।
मामले में आाया नया मोड़
इस हत्याकांड में अब 60 लाख रुपये के कथित लेनदेन की बात सामने आई है। परिजनों की ओर से सामने आए इस दावे ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। आखिर वर्षा की हत्या किसने और क्यों की? क्या इस वारदात का संबंध 60 लाख रुपये के लेनदेन से है? पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
दरअसल, वर्षा तुरकर पुणे में एयर होस्टेस के रूप में कार्यरत थी। दीपावली पर्व मनाने वह अपनी ढाई साल की मासूम बेटी के साथ खैरलांजी के किन्ही गांव अपने मायके आई हुई थी। जहां उसने मायके पक्ष के परिवार के साथ त्योहार की खुशियां बांटी। लेकिन 14 नवंबर की शाम उनका परिचित नितेश अग्रवाल उनके बीच आया, जिसने वर्षा तुरकर को घूमने चलने का प्रस्ताव रखा। जहां वर्षा अपने परिचित नितेश अग्रवाल निवासी गोंदिया के साथ घूमने के लिए महाराष्ट्र के दौनीवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बोंडरानी स्थित वैनगंगा नदी तट पर पहुंची थी। लेकिन परिवार को क्या पता था कि हंसते-बोलते घूमने निकली वर्षा अब कभी वापस नहीं लौटेगी।
परिजनों ने बताया कि शाम करीब 04 बजे नितेश के साथ वह घूमने निकली थी, लेकिन करीब 06 बजे नितेश का फोन वर्षा के बहनोई अश्विनी उर्फ पप्पू पटले के पास पहुंचा। फोन पर बताया गया कि उनके साथ लूटपाट हुई है और वर्षा पर चाकू से हमला कर दिया गया है। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। जहां पाया कि अधेरे में कार का इंडीकेटर जल रहा था, वर्षा खून से लथपथ पड़ी थी और नितेश करीब ही खडा था। जहां परिजनों ने खून से लथपथ वर्षा को तत्काल खैरलांजी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन यहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सुचना पुलिस तक पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव का पीएम करवाया और मामले की डायरी संबंधित महाराष्ट्र के दौनीवाड़ा थाना पुलिस को भेजी गई। अब बालाघाट और महाराष्ट्र पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है।
परिजनों ने हत्या के पीछे रूपयों के लेनदेन की आशंका जाहिर की
16 नवंबर को मीडिया टीम मृतिका वर्षा तुरकर के दुखी परिवार के बीच पहुंची। जहां परिजनों ने हत्या के पीछे रूपयो का लेनदेन की आशंका जाहिर की है। परिजनों के मुताबिक, वर्षा ने नागपुर में अपनी जमीन बेचकर प्राप्त रकम में से करीब 60 लाख रुपये अपने परिचित नितेश अग्रवाल को बिजनेश में आर्थिक मदद करने के तौर पर दिए थे। अब परिवार को आशंका है कि इतनी बड़ी रकम का लेन-देन हत्या के पीछे की वजह हो सकता है। क्या रुपयों का कोई विवाद था? क्या रकम वापस करने को लेकर कोई तनाव था? या फिर इस वारदात के पीछे कोई दूसरी साजिश छिपी है? इन सवालो को जवाब पुलिस जांच में खुलकर स्पष्ठ होगा, लेकिन अब आर्थिक लेन-देन का पहलू खूब चर्चा में है। हालांकि 60 लाख रुपये के लेनदेन और हत्या के बीच संबंध होने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें: इमरान खान की बिगड़ती सेहत, जेल से जिंदा लौटने पर जताई आशंका
सवालों के जवाब पुलिस की निष्पक्ष जांच के बाद ही मिल सकेंगे
एयर होस्टेस वर्षा तुरकर की हत्या से पूरा तुरकर परिवार गहरे सदमे में है। माता-पिता के सामने जवान बेटी की मौत का दर्द है, वहीं ढाई साल की मासूम बच्ची के सिर से मां का साया उठ चुका है। परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी को बेरहमी से मारने वाले दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने महाराष्ट्र पुलिस से निष्पक्ष जांच करते हुए 60 लाख रुपये के लेन-देन सहित सभी पहलुओं की गहराई से पड़ताल करने और दोषी को फांसी की सजा दिलाने की मांग की है। फिलहाल घटनास्थल महाराष्ट्र के दौनीवाड़ा थाना क्षेत्र में होने के कारण मामले की जांच दौनीवाडा थाना पुलिस कर रही है। वर्षा के साथ मौजूद नितेश अग्रवाल और उसके बहनोई से भी पूछताछ की गई है। आखिर वर्षा की हत्या के पीछे लूटपाट थी या रुपयो के लेनदेन की कोई अनकही कहानी? उस शाम वैनगंगा नदी के किनारे आखिर क्या हुआ था? एक परिवार की खुशियां उजाड़ने वाले इस हत्याकांड का सच कब सामने आएगा? इन सवालों के जवाब पुलिस की निष्पक्ष जांच के बाद ही मिल सकेंगे।

