Tuesday, November 10, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsआखिर राहुल गांधी ने लिखित रूप से क्यों व्यक्त किया खेद ?

आखिर राहुल गांधी ने लिखित रूप से क्यों व्यक्त किया खेद ?

भोपाल/जबलपुर। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा दिए गए एक पुराने चुनावी बयान को लेकर चल रहे मानहानि मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान द्वारा दायर मानहानि याचिका पर सुनवाई के दौरान राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में अपने बयान पर खेद व्यक्त किया है।

जबलपुर स्थित हाईकोर्ट की एकलपीठ के समक्ष दायर आवेदन में राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि उनका बयान कार्तिकेय सिंह चौहान को लक्ष्य बनाकर नहीं दिया गया था। उन्होंने कहा कि जिस संदर्भ में उन्होंने टिप्पणी की थी, वह छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह और उनके पुत्र से जुड़ा था।

क्या है पूरा मामला?

बता दें वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान झाबुआ में आयोजित एक जनसभा में राहुल गांधी ने कथित तौर पर पनामा पेपर्स मामले का जिक्र करते हुए कार्तिकेय सिंह चौहान का नाम लिया था। इस बयान को लेकर कार्तिकेय सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि उनकी सार्वजनिक छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है। इसी आधार पर उन्होंने भोपाल की सांसद-विधायक (MP-MLA) अदालत में राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का परिवाद दायर किया था।

राहुल गांधी ने कोर्ट में क्या कहा?

हाईकोर्ट में दाखिल आवेदन में राहुल गांधी ने कहा कि उनका बयान शिकायतकर्ता कार्तिकेय सिंह चौहान के संबंध में नहीं था। बयान का संदर्भ किसी अन्य राजनीतिक मामले से जुड़ा था। गलती का एहसास होने पर उन्होंने अगले ही दिन सार्वजनिक रूप से स्थिति स्पष्ट कर दी थी। किसी व्यक्ति विशेष की छवि को नुकसान पहुंचाने का उनका कोई उद्देश्य नहीं था।

MP-MLA कोर्ट ने जारी किया था समन

जानकारी अनुसार, भोपाल की सांसद-विधायक अदालत ने दिसंबर 2024 में मामले की सुनवाई के दौरान राहुल गांधी को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के लिए समन जारी किया था। इसके बाद राहुल गांधी ने समन और मानहानि प्रकरण को चुनौती देते हुए मध्य प्रदेश हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।

हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान क्या हुआ?

वहीं मंगलवार को याचिकाकर्ता की ओर से अधीनस्थ अदालत का पूरा रिकॉर्ड हाईकोर्ट में पेश किया गया। इसके बाद न्यायमूर्ति प्रमोद कुमार अग्रवाल की एकलपीठ ने मामले की अगली सुनवाई बुधवार को तय की। बुधवार की सुनवाई में राहुल गांधी की ओर से खेद आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिस पर अदालत ने प्रतिवादी पक्ष से जवाब मांगा है। मामले में अंतिम निर्णय जल्द आने की संभावना जताई जा रही है।

राहुल गांधी के खेद व्यक्त करने के बाद यह मामला एक बार फिर राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। जहां कांग्रेस इसे तथ्यात्मक भूल बता रही है, वहीं विपक्षी दल इस मुद्दे को लेकर राहुल गांधी को घेरने की तैयारी में हैं। अब सबकी निगाहें हाईकोर्ट के अंतिम फैसले पर टिकी हैं, जो इस बहुचर्चित मानहानि मामले की दिशा तय करेगा।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन