दिल्ली। सोशल मीडिया पर इन दिनों ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम का एक नया ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है। यह पेज कथित तौर पर भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत से जुड़े एक विवादित बयान के विरोध में बनाया गया है। महज 6 दिनों में इस पार्टी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 1.1 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके हैं। तुलना करें तो इंस्टाग्राम पर भाजपा के लगभग 87 लाख और कांग्रेस के करीब 1.33 करोड़ फॉलोअर्स हैं।
विवाद की शुरुआत कैसे हुई?
जानकारी अनुसार, 15 मई को कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि एक सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत ने बेरोजगार युवाओं की तुलना ‘कॉकरोच’ से की थी। इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गईं। हालांकि, अगले ही दिन CJI ने स्पष्ट किया कि उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया था। लेकिन तब तक यह मुद्दा सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका था और मीम्स, वीडियो तथा ट्रोलिंग के जरिए बड़ा ऑनलाइन ट्रेंड बन गया।
किसने बनाई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’?
सूत्रों के मुताबिक, यह पेज महाराष्ट्र के अभिजीत दीपके द्वारा बनाया गया बताया जा रहा है। पार्टी का मजाकिया लेकिन राजनीतिक अंदाज वाला नारा है- ‘Secular, Socialist, Democratic, Lazy’ यानी टधर्मनिरपेक्ष, समाजवादी, लोकतांत्रिक और आलसी।’ यही व्यंग्यात्मक शैली युवाओं को तेजी से आकर्षित कर रही है।
सोशल मीडिया पर रिकॉर्डतोड़ लोकप्रियता
वहीं कॉकरोच जनता पार्टी ने बेहद कम समय में बड़ी डिजिटल मौजूदगी बना ली। एक दिन में 40 लाख से ज्यादा नए फॉलोअर्स हो गए है और 6 दिन में इंस्टाग्राम पर 1.1 करोड़ फॉलोअर्स है। इसके साथ ही X (पूर्व ट्विटर) पर करीब 1.6 लाख फॉलोअर्स है। जो यह दिखाता है कि आज के दौर में सोशल मीडिया पर मीम संस्कृति कितनी तेजी से राजनीतिक बहस को प्रभावित कर सकती है।
कई युवा इस ट्रेंड को केवल मजाक नहीं, बल्कि बेरोजगारी और सिस्टम के प्रति नाराजगी का प्रतीक मान रहे हैं। इस वायरल अभियान में राजनीतिक व्यंग्य, मीम कल्चर, बेरोजगारी पर गुस्सा और सिस्टम विरोधी हास्य शामिल हैं। कॉकरोच जनता पार्टी यह भी दिखाती है कि अब मीम्स केवल मनोरंजन का साधन नहीं रहे। वे राजनीतिक संदेश, जनभावना और विरोध दर्ज कराने का नया माध्यम बन चुके हैं। भारत में युवाओं की बड़ी आबादी सोशल मीडिया पर सक्रिय है, इसलिए ऐसे ट्रेंड कुछ ही घंटों में राष्ट्रीय चर्चा बन जाते हैं।

