आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा से एक सनसनीखेज मर्डर केस सामने आया है, जहां रिश्तों की आड़ में खौफनाक साजिश रची गई। एक पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की प्लानिंग की और फिर उसे बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया।
गुमशुदगी से मर्डर तक की कहानी
यह मामला सैंया थाना क्षेत्र का है, जहां लोकेंद्र नाम का युवक अचानक लापता हो गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। इसी बीच एक खेत में अधजला शव मिलने की सूचना ने पूरे केस को नया मोड़ दे दिया। शव के हाथ पर गुदे नाम से उसकी पहचान लोकेंद्र के रूप में हुई। जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर छानबीन शुरू कर दी और पुलिस को कुछ सबूत भी मिले। पुलिस ने घटनास्थल से मिले सबूत शराब की बोतलें, खाने के पैकेट और CCTV फुटेज के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई। जांच में सामने आया कि लोकेंद्र की पत्नी के प्रेमी महेश प्रजापति से अवैध संबंध थे, जो इस हत्या की जड़ बने।
फोन कॉल से शुरू हुई साजिश
पुलिस पूछताछ में मामले को लेकर कई खुलासे हुए। बता दें वारदात वाले दिन पत्नी ने अपने प्रेमी को कॉल कर पति के बाहर निकलने की सूचना दी। इसके बाद महेश ने रास्ते में लोकेंद्र को अपने साथ बाइक पर बैठाया और अपने दोस्त धर्मवीर को भी शामिल कर लिया। फिर तीनों ने पहले साथ बैठकर शराब पी, फिर मौका पाकर महेश और धर्मवीर ने मिलकर लोकेंद्र का गला घोंट दिया। हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए शव को खेत में ले जाकर पेट्रोल डालकर जला दिया गया, लेकिन शव पूरी तरह नहीं जल पाया यहीं से केस खुल गया।
पुलिस की तेज कार्रवाई
डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पत्नी, उसके प्रेमी और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

