बेतिया। एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां 26 वर्षीय महिला रेहाना खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर तीन तलाक और कथित हलाला प्रथा को लेकर बहस छेड़ दी है। मृतका के परिजनों का आरोप है कि तलाक के बाद उस पर दोबारा ससुराल में रहने के लिए देवर के साथ हलाला करने का दबाव बनाया जा रहा था, जिसका उसने विरोध किया था।
शादी, विवाद और तलाक की कहानी
परिवार के अनुसार रेहाना की शादी 2 सितंबर 2019 को मसकुर उर्फ लाडले से हुई थी। दोनों के दो छोटे बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद पति ने उसे तलाक दे दिया। इसके बाद हालात और बिगड़ गए और ससुराल पक्ष की ओर से कथित तौर पर उस पर हलाला के लिए दबाव बनाया जाने लगा।
हलाला के दबाव का आरोप
परिजनों का दावा है कि तलाक के बाद परिवार ने रेहाना से कहा कि अगर उसे दोबारा अपने पति के साथ रहना है तो पहले उसे देवर से निकाह करना होगा। रेहाना ने इस शर्त को मानने से साफ इनकार कर दिया। परिवार का आरोप है कि इसी वजह से उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
अस्पताल पहुंचते ही मौत
जानकारी के मुताबिक, घटना वाले दिन रेहाना की तबीयत अचानक बिगड़ने की बात सामने आई। उसे जल्दबाजी में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि मौत की पुष्टि के बाद ससुराल पक्ष के लोग जल्दबाजी में शव को ले जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस के पहुंचने पर मामला रुक गया।
पुलिस जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बिहार पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि मायके पक्ष से लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।


