बालाघाट। जिले में दो दिन पहले सड़क पर गिरी मिली महिला की पहचान होने के बाद शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान भरवेली निवासी सुशीला पति मंगलसिंह कुर्वे के रूप में हुई है। महिला का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा था, जहां उसकी हालत बिगड़ने पर मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, सुशीला दो दिन पहले दोपहर के समय सड़क पर गिरी हुई मिली थी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। महिला की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। अस्पताल चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि सुशीला भीख मांगकर अपना जीवन यापन करती थी। एक वर्ष पहले उसकी बहू ने आत्महत्या कर ली थी, जबकि उसका बेटा बेंगलुरु में काम करता है और घर से बाहर रहता है। महिला अपने दो मासूम नाती-नातिन के साथ भरवेली में रहती थी। महिला की मौत के बाद दोनों बच्चे बेसहारा जैसी स्थिति में पहुंच गए हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर थी और उन्हें कभी किसी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल पाया। अब महिला के अंतिम संस्कार के लिए मोहल्ले और क्षेत्र के लोग चंदा जुटा रहे हैं।
भरवेली निवासी अनिल बिसेन ने बताया कि कई बार परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए दस्तावेज जमा करने की बात कही गई, लेकिन किसी कारणवश उन्हें सहायता नहीं मिल सकी। लोगों का कहना है कि यदि परिवार को समय पर योजनाओं का लाभ मिला होता, तो उन्हें आर्थिक सहारा मिल सकता था।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

