सिवनी/नितिन तिवन: खराब पड़ी रही अस्पताल की एंबुलेंस, निजी वाहन से मेडिकल कॉलेज भेजना पड़ा। सिवनी जिले के घंसौर उप स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की गंभीर लापरवाही सामने आई है। घंसौर थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों की दो महिलाओं द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में कीटनाशक का सेवन किए जाने के बाद उन्हें गंभीर हालत में घंसौर उप स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों महिलाओं की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लेकिन रेफर किए जाने के बावजूद समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। अस्पताल परिसर में मौजूद एंबुलेंस पहले से ही खराब पड़ी थी, जबकि परिजन लगातार 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क करते रहे। आरोप है कि काफी देर इंतजार के बावजूद एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे दोनों महिलाएं अस्पताल में उपचार के इंतजार में तड़पती रहीं।
स्थिति गंभीर होती देख परिजनों ने मजबूरी में निजी वाहन की व्यवस्था की और दोनों महिलाओं को जबलपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रवाना किया। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि आपातकालीन स्थिति में यदि समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सके तो मरीजों की जान जोखिम में पड़ जाती है।
इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाल स्थिति और 108 एंबुलेंस सेवा की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने तथा घंसौर उप स्वास्थ्य केंद्र में एंबुलेंस सहित आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की है।

