कोलंबो। भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन मैदान पर उस समय तनाव बढ़ गया, जब भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और श्रीलंका के तेज गेंदबाज असिता फर्नांडो आमने-सामने आ गए। जायसवाल के आउट होने के बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
45 रन बनाकर आउट हुए जायसवाल
यशस्वी जायसवाल शुरुआत से ही अच्छी लय में नजर आ रहे थे। उन्होंने 53 गेंदों पर 45 रन बनाए, जिसमें 9 चौके शामिल रहे। वह अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे लेकिन 17वें ओवर में असिता फर्नांडो ने उन्हें बोल्ड कर दिया।
फर्नांडो की राउंड द विकेट से आती गेंद अंदर की ओर आई। जायसवाल के बल्ले का अंदरूनी किनारा लगा और गेंद सीधे विकेटों से जा टकराई। इस तरह भारत ने 66 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट गंवाया।
विकेट के बाद बढ़ा विवाद
जायसवाल के आउट होने के बाद फर्नांडो ने आक्रामक अंदाज में उन्हें विदाई दी। इसके बाद जायसवाल वापस मुड़े और दोनों के बीच कुछ देर तक तीखी बातचीत हुई। स्थिति इतनी गर्म हो गई कि दोनों खिलाड़ी एक-दूसरे के बेहद करीब आ गए। श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
यह भी पढ़े – ‘टॉक्सिक’ के प्री-रिलीज इवेंट में हुआ हादसा, भारी साउंड सेटअप गिरने से 2 छात्र घायल हुए
भारत ने लंच तक बनाए 88 रन
जायसवाल से पहले केएल राहुल 18 रन बनाकर आउट हुए। लंच तक भारत ने 2 विकेट पर 88 रन बना लिए थे। देवदत्त पडिक्कल और शुभमन गिल क्रीज पर मौजूद थे। दो मैचों की सीरीज में भारत पहले ही 1-0 से आगे है।

