विदिशा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में खुलेआम एक युवक को चाकुओं से गोद दिया गया। 22 साल के शुभम चौबे की मौके पर ही जान चली गई। वारदात के बाद पूरा इलाका दहशत में है। इस घटना से विदिशा में कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
प्रत्यक्षदर्शी आशीष लोधी के अनुसार
प्रत्यक्षदर्शी आशीष लोधी के मुताबिक चुन्नी नाम के युवक के साथ एक युवती थी, जिसे लेकर शुभम चुन्नी को समझाने गया था, पहले चुन्नी को शुभम ने थप्पड़ मार दिया। जिसके बाद कई लोग बाइकों से आए और चारों तरफ से हमला कर दिया। शुभम का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने युवती के साथ हो रही छेड़छाड़ का विरोध किया। यह मामला गर्लफ्रेंड बॉयफ्रेंड का हो सकता है।
सड़क पर तड़पता रहा शुभम
शनिवार रात करीब 9 बजे बाइक सवार हमलावर कॉलोनी में दाखिल हुए। पहले बहस, फिर मारपीट और उसके बाद ताबड़तोड़ चाकू से वार किया। हमले के बाद शुभम सड़क पर लहूलुहान पड़ा तड़पता रहा। जिसके बाद स्थानीय लोग उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टर ने शुभम को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
ASP डॉक्टर प्रशांत चौबे ने जानकारी देते हुए बताया कि- घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। जिसके बाद कॉलोनी को छावनी में तब्दील कर दिया गया और पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। हत्या चाकू से की गई है। घटना के सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।


