मुबंई। भारतीय क्रिकेट में एक नया अध्याय जुड़ गया है। महज 15 साल 71 दिन की उम्र में वैभव सूर्यवंशी का भारतीय टी-20 टीम में चयन हुआ है। इसके साथ ही वह भारतीय क्रिकेट इतिहास में राष्ट्रीय टीम के लिए चुने जाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। चयनकर्ताओं ने जून-जुलाई में आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज तथा सितंबर में जापान में होने वाले एशियन गेम्स के लिए वैभव को टीम में शामिल किया है।
वैभव ने तोड़ा शेफाली और सचिन का रिकॉर्ड
जानकारी अनुसार, वैभव सूर्यवंशी ने टीम चयन के मामले में भारतीय महिला क्रिकेटर शेफाली वर्मा और महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। इससे पहले सबसे कम उम्र में भारतीय टीम में चयनित होने का रिकॉर्ड शेफाली वर्मा के नाम था, जिन्हें 15 साल 220 दिन की उम्र में टीम में जगह मिली थी। वहीं पुरुष क्रिकेट में यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज था, जिनका चयन 16 साल 194 दिन की उम्र में हुआ था। यदि वैभव आगामी सीरीज या एशियन गेम्स में डेब्यू करते हैं तो वह भारत के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले खिलाड़ी भी बन जाएंगे।
IPL 2026 के सबसे बड़े स्टार बनकर उभरे
वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप अपने नाम की। उन्होंने पूरे सीजन में कई रिकॉर्ड तोड़े और मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर, सुपर स्ट्राइकर तथा सबसे ज्यादा छक्के लगाने का पुरस्कार भी जीता। उनके नाम इस सीजन का सबसे तेज शतक भी दर्ज रहा, जो उन्होंने मात्र 36 गेंदों में पूरा किया।
टी-20 टीम की कमान अब श्रेयस अय्यर के हाथों में
सूत्रों के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने टी-20 टीम की कप्तानी में बड़ा बदलाव करते हुए श्रेयस अय्यर को नया कप्तान नियुक्त किया है। वहीं तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है। टी-20 विश्व कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव को न सिर्फ कप्तानी से हटाया गया है बल्कि इस टीम में जगह भी नहीं मिली है।
ढाई साल बाद टीम इंडिया में लौटा श्रेयस का नाम
बता दें श्रेयस अय्यर की करीब ढाई साल बाद भारतीय टी-20 टीम में वापसी हुई है। उन्होंने अपना आखिरी टी-20 मुकाबला दिसंबर 2023 में खेला था। IPL 2026 में उन्होंने 498 रन बनाकर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा। पंजाब किंग्स के लिए खेलते हुए उन्होंने इस सीजन अपना पहला IPL शतक भी लगाया था।
सूर्यकुमार यादव का सफर थमा
वहीं हालिया समय में खराब फॉर्म से जूझ रहे सूर्यकुमार यादव को इस बार टीम से बाहर रखा गया है। हालांकि उनकी कप्तानी में भारत ने 2026 टी-20 विश्व कप और 2025 एशिया कप का खिताब जीता था। उनकी कप्तानी में भारत ने 52 टी-20 मुकाबलों में 42 जीत दर्ज की और 80 प्रतिशत से अधिक जीत प्रतिशत हासिल किया।
आयरलैंड और इंग्लैंड सीरीज पर टिकी निगाहें
अब क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी-20 सीरीज पर टिकी हैं। जहां एक ओर श्रेयस अय्यर के नेतृत्व की परीक्षा होगी, वहीं दूसरी ओर युवा वैभव सूर्यवंशी के संभावित डेब्यू को लेकर उत्साह चरम पर है। भारतीय क्रिकेट को भविष्य का नया सितारा मिल गया है और अब सभी को उसके अंतरराष्ट्रीय मैदान पर उतरने का इंतजार है।

