जबलपुर: रबी सीजन में मध्यप्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए केंद्र सरकार ने प्रदेश को 250 मेगावाट अतिरिक्त बिजली आवंटित की है। यह बिजली NTPC के जरिए 4.75 रुपये प्रति यूनिट की दर से उपलब्ध कराई जाएगी।
250 मेगावाट अतिरिक्त बिजली आवंटित
केंद्र सरकार ने मध्यप्रदेश को ईस्टर्न रीजन अनअलोकेटेड पावर पूल से 250 मेगावाट अतिरिक्त बिजली आवंटित की है। यह आवंटन तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। रबी सीजन के दौरान कृषि कार्यों और अन्य जरूरतों के चलते बिजली की मांग बढ़ने की संभावना है। ऐसे में अतिरिक्त बिजली मिलने से प्रदेश की आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के प्रयासों से मिली अतिरिक्त बिजली
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के प्रयासों से प्रदेश को यह अतिरिक्त बिजली मिली है। अब देखना होगा कि बढ़ी हुई उपलब्धता से रबी सीजन में बिजली की मांग को पूरा करने में कितनी मदद मिलती है।
आवंटित बिजली की दर करीब 4.75 रुपए प्रति यूनिट तय की गई है। इससे प्रदेश को प्रतिस्पर्धात्मक दर पर अतिरिक्त बिजली उपलब्ध होगी और बिजली खरीद की लागत नियंत्रित रखने में मदद मिलेगी।
ये भी पढ़ें: अग्निवीरों को बड़ी राहत: 75% को दो साल का सेवा विस्तार, बढ़ेगा वेतन
आवंटन को तत्काल लागू करने के निर्देश
केंद्रीय विद्युत मंत्रालय ने इस आवंटन को तत्काल लागू करने के लिए केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (CEA) को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
संबंधित पक्षों को भी इसकी सूचना देने को कहा गया है। बिजली के उपयोग के लिए आवश्यक विद्युत क्रय अनुबंध (PPA) और अन्य वाणिज्यिक औपचारिकताएं नियमानुसार पूरी की जाएंगी।

