जयपुर। जयपुर में तेज रफ्तार ऑडी कार ने 16 लोगों को टक्कर मार दी। कार डिवाइडर से टकराकर बेकाबू हो गई। कार 30 मीटर तक रोड किनारे पर ठेलों को टक्कर मारती गई। हादसे में 16 लोग घायल हो गए। घायलों को जयपुरिया हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया है।
पत्रकार कॉलोनी का मामला
जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे पत्रकार कॉलोनी स्थित खराबास सर्किल के पास हुआ। जहां तेजी से आ रही ऑडी कार डिवाइडर से टकराकर बेकाबू हो गई। बेकाबू कार सड़क किनारे खड़े ठेलों को टक्कर मारती गई। जिसमें 16 लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना पर मुहाना, पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को प्राथमिक इलाज के लिए हॉस्पिटल में एडमिट करवाया।
हादसे की जानकारी देते हुए एसएचओ (मुहाना) गुरुभूपेन्द्र सिंह ने बताया कि- रात 9:30 बजे पत्रकार कॉलोनी स्थित खराबास सर्किल के पास ओवर स्पीड ऑडी कार डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद बेकाबू होकर रोड के किनारे खड़े दर्जनभर से अधिक ठेलों को टक्कर मारती हुई करीब 30 मीटर तक गई। हादसे में करीब 16 लोग घायल हो गए।
8 घायलों का जयपुरिया में इलाज चल रहा है। 4 घायलों के परिजन प्राईवेट हॉस्पिटल में ले गए है। वहीं 4 घायल अपने परिजन के साथ घर चले गए। पुलिस ने ऑडी कार को जब्त कर लिया है।


