मुंबई: इस शुक्रवार सिनेमाघरों में छह नई फिल्मों के साथ मनोरंजन का तड़का लगने वाला है। 23 अक्टूबर को ‘उड़ता तीर’, ‘तू है मेरी किरण’ और ‘पहला प्यार दूसरी बार’ समेत छह फिल्में बड़े पर्दे पर दस्तक देंगी। रोमांस, कॉमेडी, एक्शन और क्रिकेट के रोमांच से सजी इन फिल्मों में दर्शकों के लिए क्या खास है, जानिए पूरी लिस्ट।
1. उड़ता तीर
आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की एक्शन-कॉमेडी फिल्म ‘उड़ता तीर’ 23 अक्टूबर को रिलीज होगी। फिल्म के ट्रेलर के बाद दर्शकों को इसकी रिलीज का इंतजार है। अब देखना होगा कि दोनों कलाकारों की जोड़ी बड़े पर्दे पर कितना कमाल दिखा पाती है।
फिल्म की कहानी आकाश ए. कौशिक ने लिखी है और निर्देशन भी उन्होंने ही किया है। करण जौहर, अदार पूनावाला, गुनीत मोंगा, अपूर्वा मेहता और अचिन जैन इसके निर्माता हैं।
2. पहला प्यार दूसरी बार
लव रंजन और अंकुर गर्ग की फिल्म ‘पहला प्यार दूसरी बार’ भी 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म के जरिए छह नए चेहरे बॉलीवुड में कदम रखने जा रहे हैं। इनमें अलीशा चोपड़ा, स्पर्श वालिया, साक्षी वैद्य, कुणाल वैद, सरगुन कौर लूथरा और तुषार छिब्बर शामिल हैं।
अनुज सैनी के निर्देशन में बनी यह फिल्म स्कूल-कॉलेज के दोस्तों, उनके दोबारा मिलने और प्रेम कहानी पर आधारित है। दोस्ती, पुरानी यादों और रिश्तों की कहानी युवा दर्शकों को आकर्षित कर सकती है।
3. तू है मेरी किरण
सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की फिल्म ‘तू है मेरी किरण’ एकतरफा प्यार और जुनून की कहानी है। वास्तविक जीवन में पति-पत्नी सोनाक्षी और जहीर इस फिल्म में साथ नजर आएंगे।
फिल्म में सोनाक्षी ‘किरण’ और जहीर ‘समर’ की भूमिका निभा रहे हैं। जहीर का किरदार एक ऐसे जुनूनी प्रेमी का है, जिसका प्यार खतरनाक रूप ले लेता है। करण रावल के निर्देशन में बनी यह फिल्म 23 अक्टूबर को रिलीज होगी।
4. लिटिल थॉमस
गुलशन देवैया, रसिका दुगल और बाल कलाकार हृदांश पारेख की फिल्म ‘लिटिल थॉमस’ भी इस शुक्रवार सिनेमाघरों में आएगी। कौशल ओझा के निर्देशन में बनी इस फिल्म के निर्माता अनुराग कश्यप हैं।
फिल्म की कहानी 1990 के दशक के गोवा की पृष्ठभूमि पर आधारित है। उस दौर के माहौल में बुनी गई यह कहानी दर्शकों को एक अलग तरह का सिनेमाई अनुभव देने की कोशिश करेगी।
5. तुम मेरे हो
गुरमीत चौधरी और ईशा मालवीय की फिल्म ‘तुम मेरे हो’ भी 23 अक्टूबर को रिलीज होगी। आशीष पांडा के निर्देशन में बनी यह हिंदी फिल्म रोमांस और एक्शन का मेल है।
गुरमीत चौधरी टेलीविजन की दुनिया में अपनी पहचान बना चुके हैं, जबकि ईशा मालवीय ‘बिग बॉस 17’ में नजर आई थीं। फिल्म को यूए 16+ प्रमाणपत्र मिला है। अब दर्शकों की नजर इस नई जोड़ी और इसकी कहानी पर रहेगी।
6. दूसरा
अभिनय देव के निर्देशन में बनी खेल आधारित फिल्म ‘दूसरा’ भी 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में पलबिता बोर्ठाकुर और अंकुर विकाल प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
इसकी कहानी 2002 में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए नेटवेस्ट सीरीज फाइनल में भारतीय क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक जीत और एक युवा लड़की के संघर्ष से जुड़ी है। क्रिकेट के यादगार पल और एक लड़की के जीवन की चुनौतियां फिल्म की कहानी का अहम हिस्सा हैं।
यह भी पढ़ें: MP में खरीदी घोटाले के आरोपों पर सरकार सख्त, जैम पोर्टल और निर्माण कार्यों की होगी उच्चस्तरीय जांच

