कुमामोटो : जापान के दक्षिणी द्वीप क्यूशू के कुमामोटो प्रांत में मंगलवार को 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। भूकंप के तुरंत बाद जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी एडवाइजरी जारी कर लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और समुद्र तटों से दूर रहने की अपील की।
समुद्र के भीतर था भूकंप का केंद्र
JMA के अनुसार, भूकंप का केंद्र कुमामोटो तट के पास समुद्र में लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में था। तेज झटके कई इलाकों में महसूस किए गए, जिसके बाद प्रशासन ने तुरंत आपदा प्रबंधन तंत्र को सक्रिय कर दिया।
48 हजार से ज्यादा घरों की बिजली ठप
भूकंप के असर से 48,300 से अधिक घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। क्यूशू इलेक्ट्रिक पावर की टीमें युद्धस्तर पर बिजली बहाल करने में जुटी हैं। कंपनी ने लोगों से अपील की है कि गिरे हुए बिजली के तारों से दूर रहें और किसी भी क्षतिग्रस्त बिजली लाइन या उपकरण की तुरंत सूचना संबंधित विभाग को दें।
प्रशासन हाई अलर्ट पर
भूकंप के बाद कुमामोटो के कई इलाकों में सड़कों पर बड़ी दरारें देखी गईं। राहत और बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। फिलहाल किसी बड़ी जनहानि या व्यापक नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सिर्फ आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें, तटीय इलाकों से दूरी बनाए रखें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
यह भी पढ़ें-
जडेजा की वापसी, नए चेहरे की एंट्री; श्रीलंका टेस्ट के लिए टीम इंडिया तैयार
सुरक्षा के चलते म्यूजियम बंद
एहतियात के तौर पर कुमामोटो प्रीफेक्चरल म्यूजियम ऑफ आर्ट को बुधवार के लिए बंद रखने का फैसला लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि नागरिकों और कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बता दें जापान दुनिया के सबसे अधिक भूकंप प्रभावित देशों में शामिल है, जहां हर वर्ष 1,500 से ज्यादा भूकंप दर्ज किए जाते हैं। हालांकि अत्याधुनिक भूकंप-रोधी इमारतें, अर्ली वार्निंग सिस्टम और मजबूत आपदा प्रबंधन की वजह से बड़े हादसों का असर काफी हद तक कम किया जा सकता है।

