खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां तीन बच्चों की मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। आरोप है कि प्रेम संबंध में पति बाधा बन रहा था, इसलिए पहले प्रेमी को रात में घर बुलाया गया और उसके बाद घर के बाहर सो रहे पति की लकड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के महज नौ घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
बता दें पंधाना थाना क्षेत्र के कुसुम्बिया गांव निवासी 32 वर्षीय केदार अपनी पत्नी रिंकू और तीन बच्चों के साथ रह रहा था। परिवार मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता था। कुछ समय पहले केदार अपनी पत्नी और अन्य ग्रामीणों के साथ मजदूरी के लिए महाराष्ट्र गया था। इसी दौरान रिंकू की मुलाकात पड़ोसी गांव उमरदा निवासी करण से हुई।
पुलिस जांच के अनुसार, दोनों के बीच पहले दोस्ती हुई और फिर यह रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। पिछले करीब पांच महीनों से दोनों लगातार संपर्क में थे और कई बार मुलाकात भी कर चुके थे।
घटना वाली रात क्या हुआ?
पुलिस के मुताबिक, 1 जुलाई की रात केदार घर के बाहर सो रहा था। इसी दौरान रिंकू ने अपने प्रेमी करण को घर बुलाया। दोनों घर के अंदर मौजूद थे। इसी दौरान रिंकू ने करण से कहा कि उसका पति उनके रिश्ते में सबसे बड़ी बाधा है और यदि उसे रास्ते से हटा दिया जाए तो दोनों साथ रह सकते हैं।
आरोप है कि इसके बाद करण बाहर गया और सो रहे केदार के सिर पर लकड़ी से कई वार किए। गंभीर चोट लगने से केदार की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
ऐसे खुला हत्या का राज
घटना की सूचना मिलने के बाद पंधाना थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में मृतक की पत्नी ने दावा किया कि वह घर के अंदर सो रही थी और उसे घटना की कोई जानकारी नहीं है।
हालांकि घटनास्थल की बारीकी से जांच के दौरान पुलिस को कई संदिग्ध सुराग मिले। झोपड़ीनुमा घर का एक लकड़ी का खंभा उखड़ा हुआ मिला और आसपास किसी व्यक्ति के भागने के निशान भी दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने गांव और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की।
पूछताछ के दौरान उमरदा गांव निवासी करण का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की पूरी साजिश कबूल कर ली।
प्रेमी ने कबूला अपराध
वहीं पूछताछ में करण ने पुलिस को बताया कि वह रिंकू से शादी करना चाहता था। लेकिन केदार उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था। इसी कारण उसने रिंकू के कहने पर उसकी हत्या कर दी। आरोपी के बयान के बाद पुलिस ने रिंकू को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
एसपी ने क्या कहा?
खंडवा पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह कंवर ने बताया कि दोनों आरोपियों के बीच पिछले करीब पांच महीने से प्रेम संबंध थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना की रात दोनों ने पहले मुलाकात की और उसके बाद पति की हत्या की योजना को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने वैज्ञानिक जांच, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर महज नौ घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि हत्या की साजिश पहले से बनाई गई थी या वारदात का फैसला उसी रात लिया गया था।

