बेंगलुरु : कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ाने वाली घटना सामने आई है। रिश्ता खत्म करने के फैसले से नाराज दो भाइयों ने एक लॉ छात्रा की जिंदगी छीन ली। तीन दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद युवती ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस वारदात ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है।
क्या है पूरा मामला ?
पुलिस के अनुसार, मृतका अमृता लॉ की छात्रा थी और पढ़ाई के साथ-साथ एक पिज्जा आउटलेट में पार्ट-टाइम नौकरी भी करती थी। 13 जुलाई को वह अपने घर के पास मौजूद थी, तभी आरोपी सूर्या ने उसे रास्ते में रोक लिया।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले तीखी बहस हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि सूर्या ने गुस्से में अमृता पर चाकू से कई वार किए। हमले में उसकी छाती और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां तीन दिन तक इलाज चला, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
तलाक और बच्चे की बात छिपाने पर तोड़ा था रिश्ता
बता दें जांच में यह भी सामने आया है कि अमृता की पहचान धनुष से परिवार के एक परिचित के माध्यम से हुई थी। दोनों के बीच कुछ समय तक प्रेम संबंध रहे। हालांकि, बाद में अमृता को पता चला कि धनुष पहले से तलाकशुदा है और उसका एक बच्चा भी है। आरोप है कि यह जानकारी धनुष ने उससे छिपाई थी। सच्चाई सामने आने के बाद अमृता ने रिश्ता खत्म करने का फैसला किया और उससे दूरी बना ली। पुलिस का कहना है कि इसी फैसले से नाराज होकर आरोपी पक्ष लगातार उस पर दबाव बना रहा था।
धमकियों के बाद हुई वारदात
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, धनुष का भाई सूर्या कई दिनों से अमृता को रिश्ता खत्म करने को लेकर धमका रहा था। घटना वाले दिन भी उसने उसे रोककर विवाद किया और इसके बाद चाकू से हमला कर दिया। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि असफल प्रेम संबंधों में बढ़ती हिंसा को रोकने के लिए समाज और कानून दोनों स्तर पर सख्त कदम उठाने की जरूरत है।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
जीवन भीमनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों धनुष और सूर्या को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं, अमृता के शव को पोस्टमार्टम के लिए सी.वी. रमन अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि किसी भी रिश्ते को खत्म करना व्यक्तिगत अधिकार है और इस तरह की घटनाएं समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर गंभीर चुनौती पेश करती हैं।

