Thursday, November 12, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsरतलाम की प्रियल मोह-माया त्याग चुनेंगी संन्यास की राह, 14 नवंबर को...

रतलाम की प्रियल मोह-माया त्याग चुनेंगी संन्यास की राह, 14 नवंबर को लेंगी जैन दीक्षा

रतलाम: जिस उम्र में युवा पढ़ाई, करियर और अपने भविष्य के सपने संजोते हैं, उस उम्र में रतलाम की 18 वर्षीय प्रियल कोठारी ने सांसारिक मोह-माया त्यागकर अध्यात्म की राह चुन ली है। करोड़ों की संपत्ति, सुख-सुविधाओं और पारिवारिक रिश्तों का मोह छोड़कर प्रियल अब संयम का जीवन अपनाने जा रही हैं। वे 14 नवंबर को राजस्थान के बीकानेर में जैन दीक्षा ग्रहण करेंगी।

बचपन से रहा जैन धर्म और अध्यात्म की ओर झुकाव

प्रियल कोठारी रतलाम के प्रतिष्ठित सर्राफा कारोबारी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता शीतल कोठारी और माता प्रियंका कोठारी हैं। साधुमार्गी जैन संघ के प्रीतेश गादिया के अनुसार, प्रियल की बचपन से ही धार्मिक गतिविधियों और जैन धर्म में गहरी आस्था रही है। इसी आध्यात्मिक झुकाव के चलते उन्होंने माता-पिता के सामने दीक्षा लेने की इच्छा जताई। परिवार ने भी उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए सहमति दे दी।

वर्षीदान कर निभाई त्याग की परंपरा

दीक्षा से पहले जैन परंपरा के अनुसार प्रियल का वर्षीदान समारोह आयोजित किया गया। रतलाम में उनका वर्षीदान वरघोड़ा निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान प्रियल ने अपनी प्रिय सांसारिक वस्तुओं का दान किया। इसके बाद छोटू भाई की बगीची परिसर में दीक्षार्थी परिवार का अभिनंदन समारोह भी आयोजित किया गया।

ये भी पढे़ं: इंदौर में आज से IBSF विश्व स्नूकर चैंपियनशिप का आगाज , पंकज आडवाणी समेत 22 भारतीय खिलाड़ी दिखाएंगे दम

दीक्षा के बाद बदल जाएगी जीवनशैली और पहचान

जैन परंपरा में दीक्षा ग्रहण करने के बाद साधक को सांसारिक जीवन, भौतिक सुख-सुविधाओं और पारिवारिक मोह का त्याग कर संयम के नियमों का पालन करना होता है। दीक्षा के बाद पुरानी पहचान और नाम भी पीछे छूट जाते हैं। यह मार्ग कठिन अनुशासन, तपस्या और आत्मसंयम से जुड़ा होता है।

प्रियल कोठारी 14 नवंबर को ज्ञान पंचमी के अवसर पर जैन मुनि रामलाल महाराजसा और राजेशमुनि महाराजसा के सानिध्य में दीक्षा लेंगी। इसके साथ ही वे सांसारिक जीवन को पीछे छोड़कर साध्वी के रूप में संयम और अध्यात्म के मार्ग पर अपनी नई यात्रा शुरू करेंगी।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन