मोहाली: पंजाब में करीब 34 साल पुराने अपहरण के मामले में मोहाली की सीबीआई अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने तत्कालीन डीएसपी गुरमीत सिंह को सात साल जेल की सजा सुनाई है। वहीं, मामले में सह-आरोपी रहे तत्कालीन डीएसपी परमिंदरजीत सिंह को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया। इस मामले में नामजद तीन अन्य पुलिस अधिकारियों की मृत्यु होने के कारण उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही पहले ही समाप्त हो चुकी थी।
होटल से अगवा किए गए थे अमरीक सिंह
मामला 25 नवंबर 1992 का है। आरोपों के मुताबिक, पंजाब पुलिस की एक टीम ने लुधियाना स्थित होटल अमलतास से अमरीक सिंह का अपहरण कर लिया था। उस समय पुलिस टीम का नेतृत्व तत्कालीन डीएसपी गुरमीत सिंह कर रहे थे। अपहरण के बाद अमरीक सिंह का कोई पता नहीं चला और वह कभी वापस नहीं लौटे।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शुरू हुई जांच
इस मामले ने 15 नवंबर 1995 को उस समय कानूनी मोड़ लिया, जब सुप्रीम कोर्ट ने परमजीत कौर बनाम पंजाब राज्य मामले में आदेश जारी किया। इसी कार्यवाही के दौरान अमरीक सिंह के बेटे दविंदर सिंह ने अदालत में हलफनामा दाखिल कर अपने पिता के अपहरण की जानकारी दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि पुलिस टीम उनके पिता को होटल से अगवा कर ले गई थी।
शिकायत के आधार पर प्रारंभिक जांच शुरू हुई। इसके बाद सीबीआई ने 23 फरवरी 2000 को नियमित मामला दर्ज किया। जांच के दौरान पांच पुलिस अधिकारियों को आरोपी बनाया गया। इनमें तत्कालीन डीएसपी गुरमीत सिंह और परमिंदरजीत सिंह के अलावा एसएचओ सूबा सिंह, एसआई सुरिंदर सिंह और एएसआई जसवंत सिंह शामिल थे।
ये भी पढ़ें: रतलाम की प्रियल मोह-माया त्याग चुनेंगी संन्यास की राह, 14 नवंबर को लेंगी जैन दीक्षा
2001 में दाखिल हुई थी चार्जशीट
सीबीआई ने जांच पूरी करने के बाद 27 नवंबर 2001 को पांचों पुलिस अधिकारियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था। अदालत ने 15 अप्रैल 2004 को आरोप तय किए। इसके बाद लंबे समय तक मामले की सुनवाई चली।
सुनवाई पूरी होने पर अदालत ने गुरमीत सिंह को दोषी ठहराते हुए सात साल कैद की सजा सुनाई। वहीं, सह-आरोपी डीएसपी परमिंदरजीत सिंह को बरी कर दिया। अन्य तीन आरोपी पुलिस अधिकारियों की मृत्यु हो जाने के कारण उनके खिलाफ मुकदमे की कार्यवाही समाप्त कर दी गई थी।

