(धारवाड़) बेंगलुरु: कर्नाटक के धारवाड़ से एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। एक अपार्टमेंट के भीतर डॉक्टर डॉ. किरण होननावर मृत मिले, जबकि उनका 8 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पुलिस के अनुसार, जब टीम मौके पर पहुंची तो मृतक की पत्नी डॉ. प्रियंका उसी कमरे में बेड पर लेटी हुई मोबाइल फोन पर रील्स देख रही थीं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला पूरे राज्य में चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस ने महिला को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर जांच तेज कर दी है।
घर के अंदर मिला खौफनाक मंजर
पुलिस और परिजनों के मुताबिक, फ्लैट के अंदर प्रवेश करते ही हर तरफ खून के निशान दिखाई दिए। बेडरूम में डॉक्टर किरण होननावर का शव पड़ा था, जबकि उनका मासूम बेटा गंभीर रूप से घायल हालत में मिला। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल की स्थिति बेहद संवेदनशील थी और हर पहलू की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब डॉ. किरण के रिश्तेदार लगातार उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे। फोन उनकी पत्नी उठाती रहीं और अलग-अलग कारण बताकर बातचीत टालती रहीं। पहले कहा कि वे आराम कर रहे हैं, बाद में बताया कि वे बाहर गए हैं। शाम तक संपर्क न होने पर परिजन सीधे अपार्टमेंट पहुंचे। दरवाजा खुलने के बाद अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ें-
इश्क, धोखा और कत्ल! प्यार की कहानी का खौफनाक अंत
पुलिस की शुरुआती जांच में क्या सामने आया?
हुबली-धारवाड़ पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में किसी बाहरी व्यक्ति के फ्लैट में प्रवेश के संकेत नहीं मिले हैं। यह अपार्टमेंट अत्यधिक सुरक्षित माना जाता है और घटना के समय घर के भीतर डॉ. किरण होननावर, उनकी पत्नी डॉ. प्रियंका और उनका 8 वर्षीय बेटा मौजूद थे। इसी आधार पर पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
घायल बच्चे का चल रहा इलाज
पुलिस के अनुसार, मौके पर पहुंचने के समय बच्चा जीवित था। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। बच्चे की स्थिति को देखते हुए डॉक्टर लगातार निगरानी रखे हुए हैं।
पत्नी के बयानों में विरोधाभास
वहीं जांच अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान डॉ. प्रियंका के बयानों में कई विरोधाभास सामने आए हैं। इसी वजह से पुलिस उनसे विस्तृत पूछताछ कर रही है। साथ ही अपार्टमेंट के CCTV फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्य और डिजिटल रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल जांच जारी है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फॉरेंसिक रिपोर्ट, CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

