सीहोर: सावन के अंतिम सोमवार और 25 अगस्त को निकलने वाली भव्य कांवड़ यात्रा को लेकर सीहोर से कुबेरेश्वरधाम तक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। देशभर से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। सीवन नदी से पवित्र जल लेकर श्रद्धालु करीब 11 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर कुबेरेश्वरधाम पहुंचेंगे। बड़ी संख्या में आने वाले कांवड़ियों को देखते हुए प्रशासन और विठलेश सेवा समिति ने पार्किंग, भोजन, पेयजल, सुरक्षा, चिकित्सा और यातायात की विशेष व्यवस्थाएं की हैं।
25 अगस्त को पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में निकलेगी यात्रा, 600 नलों से भर सकेंगे पवित्र जल और 100 से अधिक सेवा स्टॉल लगाए जाएंगे।
तीन रूटों पर स्पेशल पार्किंग
बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अलग-अलग मार्गों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इंदौर की ओर से आने वाले वाहन क्रिसेंट चौराहे के पास अलहदाखेड़ी स्टेडियम और आरटीओ कार्यालय के पास खड़े किए जाएंगे। भोपाल की ओर से आने वाले वाहनों के लिए पीजी कॉलेज ग्राउंड और श्यामपुर मार्ग से आने वाले वाहनों के लिए बीएसआई ग्राउंड में पार्किंग बनाई गई है।
ये भी पढ़े ओडिशा के पास चीनी क्रू वाला जहाज डूबा: 24 लोग थे सवार, कोस्ट गार्ड-नेवी ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन
दो हजार से अधिक सेवादार संभालेंगे भोजन व्यवस्था
कुबेरेश्वरधाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था में देशभर से दो हजार से अधिक सेवादार जुटेंगे। ये सेवादार भोजनशाला के साथ अन्य सेवा कार्यों की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। अखंड हिंद फौज के सैकड़ों स्वयंसेवक भी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की व्यवस्था में सहयोग करेंगे।
100 से ज्यादा सेवा स्टॉलों पर मिलेगी सुविधा
कांवड़ यात्रा मार्ग पर 100 से अधिक सेवा स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां श्रद्धालुओं को पेयजल, केले, चाय-नाश्ता, फलाहारी खिचड़ी और भोजन प्रसादी उपलब्ध कराई जाएगी। सामाजिक और धार्मिक संगठनों के साथ स्थानीय नागरिक भी सेवा कार्य में सहभागिता करेंगे।
सीवन नदी पर 600 नलों की व्यवस्था
कांवड़ियों की सुविधा के लिए सीवन नदी के महिला घाट से ब्रिज और कोलीपुरा तिराहे तक करीब 600 नल लगाए गए हैं। नगर पालिका ने पानी की आपूर्ति के लिए चार लाइन बिछाई हैं और चार मोटर पंप लगाए हैं। इससे हजारों श्रद्धालु आसानी से पवित्र जल भरकर कांवड़ यात्रा शुरू कर सकेंगे।
25 अगस्त को निकलेगी 11 किमी की कांवड़ यात्रा
25 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में सीवन नदी तट से कुबेरेश्वरधाम तक भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन, पुलिस, नगर पालिका और विठलेश सेवा समिति ने सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
42 घंटे तक नदी चौराहा रहेगा नो-व्हीकल जोन
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए 24 अगस्त की सुबह से 25 अगस्त की रात 12 बजे तक नदी चौराहा क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। बस स्टैंड, तहसील चौराहा, इंदौर नाका, कोलीपुरा तिराहा और ऋषि सुपर बाजार की ओर से आने वाले वाहनों को अलग-अलग मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।
पांच मेडिकल प्वाइंट पर रहेगी स्वास्थ्य सुविधा
यात्रा मार्ग पर मानक बाग, डीमार्ट, चौपाल सागर, परमार ढाबा और मोगराफूल जोड़ सहित पांच मेडिकल प्वाइंट बनाए गए हैं। कुबेरेश्वरधाम परिसर में भी वेटिंग एरिया डोम, भगवान शंकर मंदिर, कंकर शंकर पूजा स्थल और पं. रमेश्वर मिश्रा अस्पताल सहित विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
24 अगस्त को तीन क्विंटल फूलों से होगा बाबा का श्रृंगार
सावन के अंतिम सोमवार 24 अगस्त को कुबेरेश्वरधाम में भगवान शिव का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा के अनुसार, बाबा के श्रृंगार में तीन क्विंटल से अधिक फूलों का उपयोग होगा। मुरली मनोहर मंदिर में शिव-पार्वती, राम-सीता और राधा-कृष्ण की प्रतिमाओं का भी विशेष श्रृंगार किया जाएगा। शाम को भव्य आरती होगी।
एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात प्रबंधन, पेयजल, पार्किंग, चिकित्सा, सुरक्षा और भोजन व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। यात्रा के दौरान शहर और कुबेरेश्वरधाम क्षेत्र में अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी।

