नई दिल्ली: आगामी एशियाई खेलों में भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमें नीली जर्सी में मैदान पर उतरेंगी। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। एशियाई खेल जापान के आइची-नागोया में आयोजित होने हैं।
खिलाड़ियों के विदाई समारोह से इतर टिर्की ने बताया कि भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने टीम किट के रंगों को लेकर हॉकी इंडिया को विकल्प दिए थे। इनमें नीले रंग को भारतीय टीम की जर्सी के लिए पहली पसंद चुना गया, जबकि ऑरेंज रंग को दूसरे विकल्प के तौर पर रखा गया है।
विश्व कप में जर्सी के रंग को लेकर हुआ था विवाद
इससे पहले नीदरलैंड और बेल्जियम में आयोजित विश्व कप से पहले भारतीय हॉकी टीम की पारंपरिक नीली जर्सी के बजाय ऑरेंज रंग की जर्सी को लेकर विवाद हुआ था। उस समय दिलीप टिर्की ने जर्सी का रंग बदलने के फैसले पर सवाल उठाया था।
टिर्की ने कहा था कि जर्सी का रंग बदलने के फैसले की जानकारी उन्हें या हॉकी इंडिया के कार्यकारी बोर्ड को नहीं दी गई थी। अब एशियाई खेलों के लिए नीले रंग को पहली पसंद बनाए जाने के बाद भारतीय हॉकी टीमें पारंपरिक रंग की जर्सी में नजर आएंगी।

