बैतूल/भोपाल: भारतीय जनता पार्टी 17 सितंबर से मध्यप्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू करने जा रही है। अभियान के तहत रक्तदान शिविर, ‘आशीर्वाद का दीया’, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसे लेकर रविवार को बैतूल के जिला भाजपा कार्यालय ‘विजय भवन’ में बैठक हुई।
बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक हेमंत खण्डेलवाल तथा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने जिला पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और अभियान की जिला टोली के सदस्यों से तैयारियों पर चर्चा की। केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके और भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पंवार भी बैठक में शामिल हुए।
17 सितंबर को रक्तदान, शाम को जलेंगे दीये
हेमंत खण्डेलवाल ने बताया कि 17 सितंबर को भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से प्रदेशभर में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। इसी दिन शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके तहत सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु जीवन की कामना की जाएगी।
अभियान के दौरान सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं कराने की भी योजना है। वहीं ‘सेवा स्मरण’ कार्यक्रम में संगीतमय नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन, संघर्ष और राजनीतिक सफर को दिखाया जाएगा।
कार्यकर्ताओं से घर-घर पहुंचने की अपील
खण्डेलवाल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अभियान के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करें और केंद्र सरकार की योजनाओं तथा उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुआ उनका सफर प्रधानमंत्री के रूप में देश के नेतृत्व तक पहुंचा है। पार्टी इसी यात्रा और इससे जुड़े कार्यों को अभियान के माध्यम से जनता के बीच लेकर जाएगी।
यह भी पढ़े : लाड़ली बहनों का इंतजार खत्म: 1.25 करोड़ महिलाओं के खाते में आए ₹1500, CM ने जारी की 40वीं किस्त
दुर्गादास उइके बोले- योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं
केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि कार्यकर्ता केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी हर घर तक पहुंचाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने की अपील की।
बैठक में विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, महेन्द्र सिंह चौहान, गंगा उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पंवार, कमलेश सिंह सहित भाजपा के जिला पदाधिकारी और ‘सेवा संकल्प अभियान’ की जिला टोली के सदस्य मौजूद रहे।

