भोपाल: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश जी, प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल ने सोमवार को गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर सभी ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति एवं मंगल की कामना की। भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा स्थापना के साथ ही भाजपा प्रदेश कार्यालय में गणेशोत्सव का शुभारंभ हुआ। पूजन-अर्चन एवं आरती के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ भगवान श्री गणेश जी का वंदन किया।
‘हरे रामा, हरे कृष्णा’ की धुन से भक्तिमय हुआ भाजपा प्रदेश कार्यालय
भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा स्थापना के अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय का वातावरण उस समय पूरी तरह भक्तिमय हो उठा, जब पंडाल में ‘हरे रामा, हरे कृष्णा’ की मधुर धुन गूंजने लगी। भजन की सुरमयी धुन, भगवान श्री गणेश जी की स्तुति-वंदना और जयघोष के बीच उपस्थित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता श्रद्धा और भक्ति में भावविभोर हो गए। भक्ति संगीत से गूंजता पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा, उल्लास और उत्साह से सराबोर नजर आया।
ये भी पढ़े:प्रसव पीड़ा में तड़पती रही प्रसूता, एक घंटे नहीं पहुंची एंबुलेंस
वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
इस दौरान पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश मंत्री राजेन्द्र सिंह राजपूत, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन के साथ पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

