धार: जिले की औद्योगिक नगरी पीथमपुर में मंगलवार सुबह एक फैक्ट्री में नाइट्रोजन गैस का रिसीवर टैंक फटने से बड़ा हादसा हो गया। अचानक हुए तेज धमाके से फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में तीन श्रमिक घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना पीथमपुर के सेक्टर-3 स्थित इंडोरामा क्षेत्र की है। यहां मेटल सिक्के बनाने वाली मित्तल कंपनी में सुबह करीब 11 बजे नाइट्रोजन गैस का Receiver Tank अचानक फट गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में भी इसकी आवाज सुनाई दी।
काम कर रहे श्रमिकों में मची अफरा-तफरी
टैंक फटते ही फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हादसे में तीन श्रमिक इसकी चपेट में आ गए। घटना के तुरंत बाद अन्य कर्मचारियों ने इसकी जानकारी पुलिस और प्रशासन को दी।
घायल श्रमिकों की पहचान शिवम शर्मा निवासी सेक्टर-3 पीथमपुर, पुखराज पाटीदार निवासी घाटा बिल्लोद और सतेंद्र राठौर निवासी बेटमा, इंदौर के रूप में हुई है।
पुलिस और Fire Brigade मौके पर पहुंची
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन के अधिकारी और Fire Brigade की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव दल ने फैक्ट्री कर्मचारियों की मदद से घायलों को परिसर से बाहर निकाला।
इसके बाद तीनों को इलाज के लिए पास के श्रीनाथ प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया। चिकित्सकों के मुताबिक तीन घायलों में से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। उनका उपचार जारी है।
यह भी पढ़े: इंदौर में राहुल गांधी के स्वागत की अनोखी तैयारी,हाथों पर रचाई मेहंदी
कैसे फटा नाइट्रोजन Receiver Tank, होगी जांच
फिलहाल नाइट्रोजन गैस का Receiver Tank किस वजह से फटा, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा सकती है। इसमें टैंक की स्थिति, Pressure Level, Maintenance और औद्योगिक सुरक्षा मानकों से जुड़े पहलुओं को देखा जाएगा। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता घायलों के इलाज और घटनास्थल पर स्थिति सामान्य करने की है।

