इंदौर: आगामी 19 सितंबर को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इंदौर आगमन को लेकर शहर में तैयारियां जोरों पर हैं। राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले मध्य प्रदेश कांग्रेस और यूथ कांग्रेस ने ‘यूथ कनेक्ट’ अभियान के जरिए Gen-Z को जोड़ने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। राहुल गांधी के स्वागत के लिए अपनाए जा रहे अनोखे तरीके इस समय शहर में चर्चा का विषय बने हुए हैं।
हाथों में ‘वेलकम रागा’ की मेहंदी और क्रिकेट लीग
युवाओं को संगठन से जोड़ने के लिए कांग्रेस द्वारा इंदौर के विभिन्न इलाकों में अनोखे आयोजन किए जा रहे हैं। एक तरफ जहां युवाओं के बीच क्रिकेट लीग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर छात्राओं और युवा महिलाओं के बीच मेहंदी प्रतियोगिताएं आयोजित हो रही हैं। इन कार्यक्रमों में छात्राएं अपने हाथों पर ‘वेलकम रागा’ ‘वेलकम राहुल’ और ‘वेलकम राहुल गांधी’ की आकर्षक मेहंदी रचाकर अपना समर्थन जता रही हैं।
ये भी पढ़े:भारत सरकार के एक्शन के बाद Meta सख्त, बच्चों से जुड़ी जानकारी एजेंसियों को देगा
‘Gen-Z’ को जोड़ने के लिए घर-घर संपर्क
19 सितंबर के मुख्य कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ को ऐतिहासिक बनाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर संपर्क साध रहे हैं। विशेष रूप से स्कूल-कॉलेज के छात्रों और पहली बार वोट देने वाले युवाओं को साधने के लिए अलग-अलग तरह के प्रचार माध्यमों का सहारा लिया जा रहा है। कांग्रेस का मानना है कि इन रचनात्मक अभियानों से राहुल गांधी के कार्यक्रम में युवाओं की भारी भागीदारी सुनिश्चित होगी।

