मंदसौर:मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले से खाकी को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां यातायात थाना प्रभारी की गुंडागर्दी का एक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वर्दीधारी इंस्पेक्टर एक पिकअप चालक को थप्पड़ मारते और दुकानदार के साथ मारपीट करते साफ नजर आ रहा है।
पिकअप वाहन हटाने को लेकर हुआ विवाद
पूरी घटना 11 सितंबर की बताई जा रही है। दुकान के बाहर सड़क पर एक पिकअप वाहन खड़ा था, जिसे हटाने को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद मौके पर पहुंचे यातायात थाना प्रभारी मनोज सोलंकी ने आपा खोते हुए पिकअप चालक को थप्पड़ जड़ दिया। इतना ही नहीं, टीआई ने पास ही मौजूद दुकानदार के साथ भी मारपीट की। पीड़ित दुकानदार का कहना है कि पुलिस अधिकारी ने बिना वजह उसके साथ अभद्रता और मारपीट की, जिसके बाद अब पीड़ित न्याय के लिए गुहार लगा रहा है।
मामले का सीसीटीवी फुटेज आया सामने
मामले का सीसीटीवी फुटेज सामने आने और वीडियो वायरल होने के बाद मंदसौर एडिशनल एसपी का बयान आया है। एडिशनल एसपी ने बताया कि फिलहाल इस मामले में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि, घटनाक्रम की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

