सागर: बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के सदस्य प्रियंक कानूनगो बंडा के ग्राम जगथर और गुगरा पहुंचे। प्रभावित गांव पहुंचकर प्रियंक कानूनगो ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित परिवारों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। पीड़ितों ने प्रियंक कानूनगो को बताया कि, घटना का इतना वक्त बीत जाने के बाद आज तक पुलिस ने मृतकों के परिवारों के बयान तक दर्ज नहीं किए हैं। प्रभावितों ने घटना के 10 दिन से ज्यादा बीत जाने के बाद मृतकों को मुआवजा नहीं मिलने की बात कही। प्रियंक कानूनगो ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और शासन से मिलने वाली सहायता की जानकारी ली।
पुलिस ने नहीं लिए मृतकों के परिजनों के बयान
राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो जब बंडा शराब कांड के पीड़ितों से मिलने उनके गांव पहुंचे और उनकी समस्याओं को जानना चाहा, तो मृतकों के परिजनों ने सबसे पहले यह बताया कि, घटना को दो हफ्ते होने को हैं, इसके बाद आज तक पुलिस ने हम लोगों के किसी तरह के ना बयान लिए हैं और ना घटना की जानकारी ली। गांव में जो लोग अवैध रूप से शराब बेचने आते थे, उनका नाम भी एफआईआर में दर्ज नहीं किया है। प्रियंक कानूनगो ने घटना को दुर्भाग्य जनक बताते हुए पीड़ितों के बयान दर्ज करने के निर्देश पुलिस को देने की बात कही।
बंडा कांड पीड़ितों ने मुआवजा ना मिलने का मामला रखा
एनएचआरसी सदस्य प्रियंक कानूनगो से मुलाकात के दौरान ग्रामीणों ने मृतक परिवारों को मुआवजा राशि मिलने में आ रही समस्याओं को सामने रखा। तब उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से बात कर पीड़ितों को बताया कि तीन दिन के भीतर आप लोगों को मुआवजा और सहायता राशि मिल जाएगी। NHRC सदस्य ने मृतक परिवारों को 4-4 लाख रुपये और अन्य पीड़ित परिवारों को 2-2 लाख रुपये की मुआवजा राशि दिए जाने की बात रखी।
ये भी पढ़े:मोदी से मुलाकात के बाद दोस्त को मिली जमीन वापस, BJP विधायक ने छोड़ा कब्जा
नहीं पहुंचे पंचायत सचिव और कर्मचारी
प्रियंका कानूनगो के दौरे के समय तब अप्रिय स्थिति बन गयी, जब ग्रामीणों ने पंचायत सचिव और अन्य अधिकारी कर्मचारियों की शिकायत दर्ज कराई। ग्राम गुगरा में पंचायत सचिव काशीराम अहिरवार की अनुपस्थिति पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि, उन्होंने आज तक सचिव का चेहरा तक नहीं देखा। इस पर प्रियंक कानूनगो ने नाराजगी जाहिर की और एसडीएम को संबंधित सचिव के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं ग्राम जगथर में एडीईओ की गैर मौजूदगी पर भी उन्होंने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।

