मुंबई: बिहार की भाजपा विधायक और लोक गायिका मैथिली ठाकुर एक लग्जरी Rolls-Royce Cullinan में मुंबई के लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचीं। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उनकी संपत्ति और महंगी कार को लेकर सवाल उठने लगे। हालांकि, जिस कार में मैथिली पहुंची थीं, वह उनकी अपनी है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
हलफनामे को लेकर सोशल मीडिया पर उठे सवाल?
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने मैथिली ठाकुर के चुनावी हलफनामे का जिक्र करते हुए सवाल उठाए? रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके हलफनामे में करीब 3.82 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की गई थी और Rolls-Royce का उल्लेख नहीं था। वायरल वीडियो में दिखी Rolls-Royce Cullinan की मुंबई में ऑन-रोड कीमत 13 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
मैथिली के समर्थन में आईं कंगना रनौत
विवाद बढ़ने के बाद भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने मैथिली ठाकुर का समर्थन किया। कंगना ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि सार्वजनिक जीवन में होने का मतलब यह नहीं है कि कोई व्यक्ति अच्छी जिंदगी नहीं जी सकता।
कंगना ने कहा कि जनसेवा करने वाले लोगों का अपना करियर, जीवन और लोकप्रियता भी होती है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें जनता के पैसे में दिलचस्पी नहीं है और नेताओं से हमेशा गरीब जीवन जीने की उम्मीद करना समझदारी नहीं है।
यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा ने परिवार संग किए लालबागचा राजा के दर्शन, गणपति बप्पा से लिया आशीर्वाद
बिहार की युवा विधायक हैं मैथिली
लोक गायिका के रूप में पहचान बनाने वाली मैथिली ठाकुर ने 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर अलीनगर सीट से चुनाव लड़ा था। उन्होंने आरजेडी उम्मीदवार बिनोद मिश्रा को हराया और बिहार की सबसे युवा विधायकों में शामिल हुईं। राजनीति में आने से पहले ही मैथिली लोक और शास्त्रीय संगीत के लिए देशभर में पहचान बना चुकी थीं।
फिलहाल Rolls-Royce को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा जारी है, लेकिन कार की ownership को लेकर कोई पुष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

