न्यूयॉर्क: संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में भारत की स्थायी सदस्यता की मांग को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर समर्थन मिला है। पुर्तगाल के प्रधानमंत्री लुइस मोंटेनेग्रो ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में कहा कि बदलती दुनिया को देखते हुए सुरक्षा परिषद को भी ज्यादा प्रतिनिधित्व वाला बनाया जाना चाहिए।
पुर्तगाल सरकार के आधिकारिक बयान के मुताबिक, मोंटेनेग्रो ने अफ्रीका, ब्राजील और भारत के लिए UNSC में स्थायी सीटों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि इससे सुरक्षा परिषद की संरचना दुनिया में आए बदलावों को बेहतर तरीके से दर्शा सकेगी।
भारत को स्थायी सीट देने की वकालत
मोंटेनेग्रो ने अपने संबोधन में संयुक्त राष्ट्र को ज्यादा प्रभावी बनाने की जरूरत पर जोर दिया। उनका कहना था कि Security Council को अधिक पारदर्शी, प्रतिनिधित्व वाला और लोकतांत्रिक बनाने की दिशा में काम होना चाहिए।
उन्होंने संयुक्त राष्ट्र को ज्यादा चुस्त और प्रभावी बनाने के साथ Peacekeeping Missions के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने की बात भी कही।
अभी UNSC में कौन-कौन स्थायी सदस्य?
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में कुल 15 सदस्य होते हैं। इनमें अमेरिका, रूस, चीन, फ्रांस और ब्रिटेन पांच स्थायी सदस्य हैं। वहीं 10 देशों को दो साल के कार्यकाल के लिए गैर-स्थायी सदस्य के रूप में चुना जाता है।
भारत फिलहाल UNSC का स्थायी सदस्य नहीं है। हालांकि भारत अब तक 8 बार गैर-स्थायी सदस्य के रूप में सुरक्षा परिषद में अपनी भूमिका निभा चुका है।
यह भी पढ़ें: UN में नेपाल के PM बालेन शाह ने किया भगवान पशुपतिनाथ को याद, भारत को भी कहा शुक्रिया
पुर्तगाल पहले भी कर चुका भारत का समर्थन
यह पहली बार नहीं है जब पुर्तगाल ने भारत के लिए स्थायी सीट का समर्थन किया है। साल 2022 में तत्कालीन पुर्तगाली प्रधानमंत्री एंटोनियो कोस्टा ने भी UN महासभा में कहा था कि सुरक्षा परिषद में अफ्रीका के साथ कम से कम भारत और ब्राजील को जगह मिलनी चाहिए।
अब मौजूदा प्रधानमंत्री लुइस मोंटेनेग्रो ने भी इसी मांग को आगे बढ़ाया है। हालांकि UNSC में नए स्थायी सदस्यों को शामिल करने के लिए संयुक्त राष्ट्र की संरचना में व्यापक सुधार और सदस्य देशों के बीच सहमति की जरूरत होगी।

