भोपाल: दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की परियोजना बाणगंगा अंतर्गत सेवा संकल्प अभियान के तहत हिंदी भवन में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम विधायक भगवानदास सबनानी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती मालती राय सहित जनप्रतिनिधि, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी,आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं, आशा कार्यकर्ता एवं आमजन सहित लगभग 480 लोग उपस्थित रहे।
101 प्रकार के पोषण व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा सहजन का पौधा रोपित कर तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा तैयार किए गए 101 प्रकार के पोषण व्यंजनों की प्रदर्शनी के अवलोकन के साथ हुआ। प्रदर्शनी में घर में उपलब्ध सामग्री से पौष्टिक एवं संतुलित भोजन तैयार करने के तरीकों को प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री का संदेश भी उपस्थित हितग्राहियों को सुनाया गया।
12 गर्भवती महिलाओं की अतिथियों द्वारा गोद भराई की गई
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत 12 गर्भवती महिलाओं की अतिथियों द्वारा गोद भराई की गई। गर्भवती माताओं का गुलाब की पंखुड़ियों एवं ढोल की थाप के साथ स्वागत किया गया। उन्हें नारियल, फ्रूट बास्केट एवं चुनरी भेंट कर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही तीन माह के बालक अद्वित के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों द्वारा कपड़े, खिलौने, टेडी बियर, झूला, कड़ा सहित विभिन्न सामग्री भेंट की गई।
बच्चों की देखभाल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की
स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रिया भावे ने उपस्थित हितग्राहियों को पोषण एवं स्वास्थ्य के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने गर्भावस्था के दौरान स्वास्थ्य देखभाल, एनीमिया की रोकथाम, संतुलित खान-पान, आवश्यक सावधानियों तथा प्रसव के बाद नवजात एवं बच्चों की देखभाल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, भोपाल सुनील सोलंकी ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में विधायक भगवानदास सबनानी एवं अतिथियों द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाली 35 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं तथा 5 आशा कार्यकर्ताओं को शाल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत 5 बालिकाओं को लाड़ली लक्ष्मी योजना के आश्वासन प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
“अपनी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” का लिया संकल्प
विधायक सबनानी ने अपने उद्बोधन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं एवं हितग्राहियों से “अपनी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” के संकल्प के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने अधिक से अधिक हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को बेहतर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी से संबंधित किसी भी समस्या से उन्हें अवगत कराया जाए, ताकि उसके निराकरण के लिए आवश्यक प्रयास किए जा सकें।
कार्यक्रम के अंत में पोषण माह अभियान के अंतर्गत उपस्थित प्रतिभागियों को पोषण शपथ दिलाई गई।

