दुबई: दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में बुधवार को अचानक हड़कंप मच गया। उड़ान के दौरान कॉकपिट में कथित झड़प और चाकू से हमले की खबर सामने आई। इसके बाद विमान ने इमरजेंसी सिग्नल भेजा और उसे सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया। विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई और यात्रियों को सुरक्षित बताया गया है।
7500 कोड से बढ़ी हाईजैक की आशंका
रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान ने पहले 7700 इमरजेंसी कोड भेजा, जिसका इस्तेमाल सामान्य आपात स्थिति में किया जाता है। इसके बाद 7500 कोड भेजा गया। एविएशन में 7500 कोड का इस्तेमाल विमान में संभावित गैर-कानूनी दखल या हाईजैक जैसी स्थिति की जानकारी देने के लिए होता है।
इस सिग्नल के बाद इजरायल की सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। इजरायली लड़ाकू विमानों को भी तैयार किया गया। हालांकि शुरुआती जानकारी में इसे हाईजैकिंग के बजाय पायलटों के बीच हुई कथित झड़प से जोड़कर देखा गया।
चाकू से हमले का दावा
कुछ यात्रियों के बयानों में दावा किया गया कि विमान में चीखने की आवाजें सुनाई दीं और कॉकपिट के पास खून भी देखा गया। इजरायली अधिकारियों के हवाले से आई रिपोर्ट्स में एक पायलट पर चाकू से हमला किए जाने की बात भी सामने आई है।
हालांकि, फ्लाईदुबई ने अभी यह साफ नहीं किया है कि दोनों पायलटों के बीच वास्तव में क्या हुआ और घटना की शुरुआत कैसे हुई।
अचानक हजारों फीट नीचे आया विमा
फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, घटना के दौरान विमान तेजी से नीचे आया। कुछ रिपोर्ट्स में इसके करीब 14 हजार फीट तक नीचे आने की बात कही गई है। इसके बाद स्थिति संभाली गई और विमान को सऊदी अरब के तबूक स्थित Prince Sultan bin Abdulaziz International Airport की ओर मोड़ दिया गया।
विमान वहां सुरक्षित उतर गया। दोनों घायल पायलटों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
यह भी पढ़ें: उड़ान के दौरान पायलटों में हुई हाथापाई: हाईजैक अलर्ट से मचा हड़कंप, सऊदी अरब में उतारा विमान
क्या इसके पीछे आतंकी साजिश थी?
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि यह केवल पायलटों के बीच झगड़ा था या इसके पीछे कोई दूसरी साजिश थी। इजरायली अधिकारी संभावित आतंकी हमले के एंगल से भी मामले को देख रहे हैं।
कुछ रिपोर्ट्स में एक पायलट द्वारा विमान को जानबूझकर नीचे ले जाने की कोशिश किए जाने की आशंका जताई गई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। फ्लाईदुबई ने फिलहाल इतना बताया है कि उड़ान के दौरान एक घटना हुई, जिसके बाद विमान को तबूक में सुरक्षित उतारा गया। सभी यात्री सुरक्षित हैं और एयरलाइन संबंधित अधिकारियों के साथ जांच में सहयोग कर रही है।
ऐसे में चाकू से हमले की वजह, पायलटों के बीच विवाद और संभावित आतंकी साजिश जैसे सवालों का अंतिम जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

