लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को BJP पर हमला करने के लिए सोशल मीडिया पर चल रहे Gen-Z ट्रेंड का सहारा लिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने कहा, ‘एक कचौड़ी, दो समोसा, BJP पर नहीं भरोसा।’ उनका यह बयान सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया।
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से ‘एक कचौड़ी, दो समोसा’ वाला नारा इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। दिल्ली में महिला सुरक्षा को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने ‘एक कचौड़ी, दो समोसा, इन मर्दों का क्या भरोसा’ जैसे नारे लगाए थे। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्राएं शामिल हुई थीं।
वायरल नारे को अखिलेश ने दिया राजनीतिक ट्विस्ट
इसी वायरल लाइन को अखिलेश यादव ने अपने अंदाज में बदल दिया। उन्होंने ‘इन मर्दों का क्या भरोसा’ की जगह BJP को जोड़ते हुए पार्टी पर राजनीतिक तंज कसा।
अखिलेश यादव का यह अंदाज इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि इन दिनों Gen-Z के बीच विरोध प्रदर्शन में छोटे, तुकबंदी वाले और सोशल मीडिया पर आसानी से वायरल होने वाले नारों का इस्तेमाल बढ़ा है। दिल्ली में हुए प्रदर्शन में भी ऐसे कई नारे और पोस्टर देखने को मिले थे।
‘एक कचौड़ी, दो समोसा’ ट्रेंड?
दिल्ली में हाल में महिला सुरक्षा को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद यह लाइन तेजी से वायरल हुई। हालांकि सोशल मीडिया यूजर्स ने बाद में इसका एक पुराना कनेक्शन टीवी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ से भी खोज निकाला।
शो के एक पुराने एपिसोड में ‘एक कचौड़ी, दो समोसा, जीजा की टीम का क्या भरोसा’ जैसी लाइन सुनाई देती है। अब इसी तुकबंदी के अलग-अलग वर्जन सोशल मीडिया पर बनाए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: INDIA गठबंधन की PC में सरप्राइज एंट्री: अचानक पहुंचीं सोनिया गांधी, न कुर्सी न नेमप्लेट?
महिला सुरक्षा के प्रदर्शन से राजनीति तक पहुंचा नारा
जिस नारे का इस्तेमाल दिल्ली की छात्राओं ने महिला सुरक्षा से जुड़ी अपनी मांगों को सामने रखने के लिए किया था, वही अब राजनीतिक बयानबाजी का हिस्सा बन गया है। अखिलेश यादव ने इसमें BJP का नाम जोड़कर केंद्र और उत्तर प्रदेश की सत्तारूढ़ पार्टी पर निशाना साधा।

