जबलपुर: राहुल गांधी के बालाघाट दौरे को लेकर मध्यप्रदेश में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी ने राहुल गांधी के दौरे और उनके बयानों पर सवाल उठाते हुए तीखा हमला बोला है। जबलपुर में जोशी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का विरोध करने का तरीका देश के विकास में बाधा डालने वाला है।
हेमांग जोशी ने कहा कि विपक्ष की जिम्मेदारी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाना और जनता से जुड़े मुद्दों को संसद में उठाना है। लेकिन राहुल गांधी जिस तरह से सरकार और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं, वह उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को देश के विकास और तरक्की से समस्या है।
राहुल गांधी के बयान पर भी साधा निशाना
BJYM अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष को सरकार की नीतियों का विरोध करने का अधिकार है, लेकिन यह विरोध रचनात्मक होना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी पर विदेशी साजिशों का हथकंडा बनने का आरोप भी लगाया। जोशी ने कहा कि देश की संवैधानिक संस्थाओं और व्यवस्था पर सवाल उठाने के बजाय विपक्ष को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
मीडिया से बातचीत के दौरान हेमांग जोशी ने राहुल गांधी पर व्यक्तिगत टिप्पणी भी की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को नेता प्रतिपक्ष की भूमिका का सही अर्थ समझना चाहिए। जोशी ने उनकी समझ को लेकर भी विवादित टिप्पणी की।
यह भी पढ़ें: इंदौर के दूषित पानी पर नेता प्रतिपक्ष सिंघार का हमला: बोले- अफ्रीका के कस्बों जैसी हालत
बालाघाट में बैगा परिवारों से मिले थे राहुल
दरअसल, राहुल गांधी गुरुवार को बालाघाट पहुंचे थे। उन्होंने बिरसा ब्लॉक के जगला गांव में बैगा आदिवासी परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बीमारी से बच्चों की मौत के मामले में प्रभावित परिवारों से बातचीत की।
राहुल गांधी ने आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आदिवासी परिवारों की समस्याओं और बच्चों की मौत का मुद्दा संसद में उठाया जाएगा। साथ ही उन्होंने आदिवासियों को उनके अधिकार, बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं देने की बात कही।
राहुल गांधी के इसी दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए BJYM अध्यक्ष हेमांग जोशी ने उनके आरोपों और सरकार पर सवाल उठाने के तरीके को लेकर निशाना साधा है। इससे बालाघाट में आदिवासी बच्चों की मौत का मुद्दा अब सियासी बहस का केंद्र बन गया है।

