नई दिल्ली:भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील को लेकर चल रही बातचीत फिलहाल ऐसे मोड़ पर पहुंच गई है, जहां आगे की राह आसान नहीं दिख रही है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित ‘म्यूनिख लीडर्स मीटिंग’ के दौरान बातचीत की मौजूदा स्थिति को लेकर जानकारी दी।
रियायत देने की गुंजाइश सीमित है
वित्त मंत्री ने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत अब उस स्थिति में पहुंच गई है, जहां भारत की ओर से और रियायत देने की गुंजाइश सीमित है। वहीं, अमेरिका भी अपनी तरफ से अतिरिक्त रियायत देने की स्थिति में नहीं है।
निर्मला सीतारमण ने हालांकि बातचीत के दरवाजे बंद होने की बात नहीं कही। उन्होंने कहा कि अगर आगे बातचीत के लिए कोई नया रास्ता निकलता है या किसी तरह की गुंजाइश बनती है, तो दोनों देश उस पर चर्चा करने के लिए तैयार हैं।
ट्रेड डील को लेकर लंबे समय से बातचीत चल रही
भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर लंबे समय से बातचीत चल रही है। दोनों देशों के बीच व्यापार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सहमति बनाने की कोशिश की जा रही है। वित्त मंत्री के बयान से संकेत मिलता है कि मौजूदा दौर की बातचीत में दोनों पक्षों के रुख के बीच अंतर बना हुआ है।
ये भी पढ़ें: सीएम योगी की युवाओं से अपील, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने को कहा
स्थाई समझौते के लिए ठोस बातचीत जरुरी
विशेषज्ञों का मानना है कि सिर्फ टैरिफ छूट के भरोसे डील करना सुरक्षित नहीं है। ऐसा इसलिए क्योंकि अमेरिकी नियमों के तहत इस छूट को किसी भी समय तीन अलग-अलग तरीकों से बदला या खत्म किया जा सकता है। जब तक अमेरिका साफ दिशानिर्देश, ठोस बातचीत और नीतियों में स्थिरता का भरोसा नहीं देता, तब तक स्थायी समझौते तक पहुंचना मुश्किल है।

