लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर भारत की लोकतांत्रिक परंपरा और निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का उल्लेख किया।
भारत युगों से लोकतांत्रिक मूल्यों का संरक्षक रहा
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत युगों से लोकतांत्रिक मूल्यों का संरक्षक रहा है। उनके मुताबिक, भारत निर्वाचन आयोग की ओर से संचालित SIR देश की लोकतांत्रिक विरासत को और मजबूत करने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
योगी ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। ऐसे में युवाओं को अपने मतदाता पंजीकरण की स्थिति जांचनी चाहिए और पात्र होने पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करना चाहिए।
ये भी पढ़ें: धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर साध्वी हर्षानंद का पलटवार, बोलीं- आश्रम खुद सुरक्षित नहीं तो जाने की जरूरत क्या?
युवा अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़वाएं
सीएम ने आगे लिखा कि सभी जागरूक मतदाता ध्यान रखें कि मतदाता सूची में अवैध रूप से दर्ज अपात्र नामों की पहचान कर उन्हें नियमानुसार हटाना भारत की सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए अनिवार्य है। मेरी अपील है कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे प्रत्येक युवा साथी अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़वाएं।

