बालाघाट: सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के अंतर्गत सतर्कता विभाग, हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड, मलांजखंड द्वारा सांदीपनि विद्यालय मलांजखंड में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर आयोजित इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने निबंध लेखन, चित्रकला, भाषण एवं नाटक के माध्यम से ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों का संदेश दिया।
राष्ट्रगान और सत्यनिष्ठा शपथ के साथ हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान एवं सत्यनिष्ठा की शपथ के साथ हुआ। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में ईमानदारी, नैतिकता एवं कर्तव्यनिष्ठा के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा उन्हें भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
अतिथियों ने बताए नैतिक मूल्यों के महत्व
कार्यक्रम में हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड, मलांजखंड के सतर्कता विभाग के मुख्य प्रबंधक सुमित सिन्हा, एसएमसी सदस्य एवं नगरपालिका परिषद मलांजखंड की उपाध्यक्ष त्रिवेणी गोस्वामी तथा विद्यालय के प्राचार्य श्री गंगा प्रसाद कटरे ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।

वक्ताओं ने सत्यनिष्ठा, ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जीवन में इन मूल्यों को अपनाकर ही एक आदर्श समाज का निर्माण किया जा सकता है। श्री सुमित सिन्हा ने विद्यार्थियों को अपने जीवन एवं कार्यों में ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। श्रीमती त्रिवेणी गोस्वामी ने कहा कि नैतिक मूल्यों की मजबूत नींव से ही आदर्श समाज का निर्माण संभव है। वहीं, प्राचार्य श्री गंगा प्रसाद कटरे ने सत्यनिष्ठा को व्यक्ति के चरित्र की पहचान बताते हुए ईमानदारी एवं अनुशासन को जीवन का अभिन्न अंग बनाने की बात कही।
यह भी पढ़ें: बालाघाट की दो छात्राओं का राष्ट्रीय एकीकरण शिविर के लिए चयन, हरियाणा के लिए हुईं रवाना
रचनात्मक प्रस्तुतियों से दिया जागरूकता का संदेश
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। निबंध लेखन के माध्यम से अपने विचार व्यक्त किए, जबकि चित्रकला के जरिए जागरूकता का संदेश दिया। भाषण एवं नाटक के माध्यम से सत्यनिष्ठा, सदाचार और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में नैतिक चेतना, सामाजिक उत्तरदायित्व और पारदर्शिता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।

