सागर: संभाग में नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्ती बरतना शुरु कर दिया है। इस साल अब तक संभाग में ऐसे मामलों में 501 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 265 लाइसेंस सागर जिले में निलंबित हुए हैं।
संभाग आयुक्त ने वाहनों की कार्रवाई की जानकारी ली
संभाग आयुक्त दिलीप कुमार ने सभी जिलों के जिला परिवहन अधिकारियों से पिछले तीन महीने में वाहनों की जांच और कार्रवाई की जानकारी ली। इस दौरान नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ की गई कार्रवाई का ब्योरा सामने आया।
नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
कमिश्नर ने निर्देश दिए कि पुलिस द्वारा नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ की गई कार्रवाई के आधार पर उनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जाएं। उन्होंने सड़क सुरक्षा के लिए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा।
स्कूली बसों और पुराने वाहनों की होगी जांच
कमिश्नर ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूली बसों के साथ अन्य वाहनों की नियमित जांच के निर्देश दिए। दमोह में हाल ही में हुई घटना को देखते हुए वाहनों की सघन जांच करने और 15 साल से अधिक पुराने वाहनों के मालिकों को नोटिस जारी करने को कहा।
उन्होंने ऐसे वाहनों को बदलने, परमिट निरस्त करने और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जांच के दौरान फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, प्रदूषण प्रमाण-पत्र सहित अन्य जरूरी दस्तावेज भी चेक किए जाएंगे।
परिवहन विभाग के राजस्व संग्रहण की भी समीक्षा की
कमिश्नर ने परिवहन विभाग के राजस्व संग्रहण की भी समीक्षा की। उन्होंने चेक पोस्ट के माध्यम से वसूली करने और निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बकाया कर की वसूली के लिए वाहन मालिकों को नोटिस जारी करने और जरूरत पड़ने पर वाहन पंजीयन निरस्त करने की कार्रवाई करने को कहा।

