मुंबई: दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सिंगर अभिजीत भट्टाचार्य और दलेर मेहंदी के परिवार तक पहुंच गया है। दरअसल, उत्तराखंड में एक कार्यक्रम के दौरान दलेर मेहंदी पर शराब पीकर परफॉर्म करने के आरोप लगे थे। इस दौरान एक मंत्री के मंच पर पहुंचने और उनके साथ कथित अभद्र व्यवहार को लेकर भी विवाद हुआ। इसके बाद सीनियर सिंगर अभिजीत भट्टाचार्य ने एक परफॉर्मेंस के दौरान दलेर मेहंदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह सिर्फ लिप सिंक कर रहे थे और उनसे ठीक से खड़ा भी नहीं हुआ जा रहा था।
दलेर मेहंदी के बेटे गुरदीप मेहंदी ने जवाब दिया
अब अभिजीत के इस बयान पर दलेर मेहंदी के बेटे गुरदीप मेहंदी ने जवाब दिया है। उन्होंने एक लाइव परफॉर्मेंस के दौरान कहा कि बुरा समय किसी के भी जीवन में आ सकता है। उन्होंने यह भी साफ किया कि वे हमेशा लाइव गाते हैं, लिप सिंक नहीं करते।
गुरदीप ने कहा कि लाइव गाने के दौरान कुछ गलतियां होना स्वाभाविक है, लेकिन यही असली गायकी है। इसके बाद उन्होंने अपने पिता दलेर मेहंदी के लिए दर्शकों से तालियां बजाने की अपील भी की।
आगे उन्होंने कहा, कुछ आर्टिस्ट ऐसे हैं जो चंद व्यूज के लिए कहीं भी कुछ भी बयान दे देते हैं। हाल ही में जो अभिजीत दादा ने किया, मैं उनसे ऐसी उम्मीद नहीं करता कि वो ऐसा कुछ बोलेंगे, वो भी इतने लीजेंड्री सिंगर के लिए। बाकी वो जो गा रहे थे लाइव ही गा रहे थे, आपको उनकी फुटेज भेज दूंगा। वो लिपसिंक नहीं कर रहे थे। बाकी बुरा टाइम अच्छा टाइम कभी भी आ सकता है।
ये भी पढ़ें: यशस्वी जायसवाल का धमाका, न्यूजीलैंड-A के खिलाफ लगातार दूसरा शतक; सुदर्शन के साथ 175 रन की साझेदारी
मंत्री बोले- इस्तीफा देना मंजूर, लेकिन माफी नहीं मांगूंगा
वहीं जब कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल से पूछा गया कि अगर भारतीय जनता पार्टी का वरिष्ठ नेतृत्व उन्हें दलेर मेहंदी से माफी मांगने का निर्देश देता है तो वे क्या करेंगे, तो उनियाल ने कहा कि वे माफी मांगने के बजाय अपने पद से इस्तीफा चुनेंगे।
उन्होंने कहा कि जीवन में किसी भी पद या चीज से ज्यादा महत्वपूर्ण आत्मसम्मान होता है और वे इससे कोई समझौता नहीं करेंगे।

