अंकारा: तुर्किये में एक स्टील फैक्ट्री में भीषण धमाका हुआ है। इस हादसे में 17 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के वक्त फैक्ट्री में काम चल रहा था।
जानकारी के मुताबिक, तुर्किये के इजमिर शहर के पास सोमवार को यह हादसा हुआ। BBC की रिपोर्ट के अनुसार, बॉयलर ले जा रही एक क्रेन फैक्ट्री की गैस लाइन से टकरा गई। इसके बाद सामान नीचे जल रही भट्टी में गिर गया, जिससे जोरदार विस्फोट हुआ। हादसे के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
कुछ लोगों की अब भी मलबे में दबे होने की संभावना
स्थानीय गवर्नर सुलेमान एल्बान ने बताया कि हादसा दोपहर के आसपास हुआ। उस समय क्रेन से एक नया बॉयलर ले जाया जा रहा था। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोगों के अब भी मलबे में दबे होने की आशंका है।
फैक्ट्री चलाने वाली कंपनी ने बयान जारी कर बताया कि हादसा प्लांट की एक इलेक्ट्रिक आर्क भट्टी में तय रखरखाव के काम के दौरान हुआ। यह फैक्ट्री हबास डेमिर सेलिक कंपनी की है, जो तुर्किये की बड़ी स्टील कंपनियों में शामिल है।
राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगन ने सोमवार को कैबिनेट बैठक के बाद हादसे में हुई मौतों की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि घटना की जांच की जा रही है और बचाव दल लगातार राहत और बचाव के काम में जुटे हैं।
ये भी पढ़ें: भारत-न्यूजीलैंड तीसरा वनडे बारिश से रद्द, टीम इंडिया सीरीज नहीं हारेगी
तुर्किये में फैक्ट्री हादसे बड़ी चिंता
तुर्किये में काम के दौरान होने वाले हादसे लंबे समय से चिंता का विषय बने हुए हैं। स्वतंत्र सामाजिक संगठन तुर्किश हेल्थ एंड सेफ्टी लेबर वॉच ने भी इसे देश की एक बड़ी समस्या बताया है।
जिस फैक्ट्री में हादसा हुआ, वह इजमिर के अलियागा इलाके में है। यह इलाका बड़े बंदरगाह के लिए जाना जाता है। यहां पुराने जहाजों को काटकर कबाड़ में बदलने का काम भी होता है।

