वॉशिंगटन: दुनिया की तीन महाशक्तियों अमेरिका, रूस और चीन के बीच परमाणु हथियारों पर नियंत्रण और ईरान युद्ध को लेकर अहम बातचीत होने जा रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग 19 नवंबर को चीन के शेनझेन में एक साथ बैठक करेंगे। यह मुलाकात एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन के दौरान होगी। करीब 80 साल बाद दुनिया की तीन बड़ी शक्तियों के शीर्ष नेता इस तरह की त्रिपक्षीय बैठक में शामिल होंगे। व्हाइट हाउस ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की है।
बैठक में सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा परमाणु हथियारों की संख्या सीमित करने का होगा। इसके अलावा ईरान में जारी युद्ध पर भी चर्चा होगी। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस मुलाकात से किसी बड़े समझौते की उम्मीद नहीं है। इसे तीनों देशों के बीच बातचीत की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।
परमाणु हथियारों पर नया समझौता चाहते हैं ट्रम्प
व्हाइट हाउस के मुताबिक, ट्रम्प दुनिया में परमाणु हथियारों की संख्या कम करने का मुद्दा उठाएंगे। अमेरिका चाहता है कि चीन भी परमाणु हथियारों पर नियंत्रण से जुड़ी बातचीत में शामिल हो, ताकि तीनों देशों के बीच नया समझौता किया जा सके।
दरअसल, अमेरिका और रूस के बीच परमाणु हथियारों को सीमित करने वाली आखिरी संधि न्यू स्टार्ट इस साल फरवरी में समाप्त हो गई थी। इसके बाद दोनों देशों के परमाणु हथियारों पर लगी संधि की सीमाएं खत्म हो गईं। दूसरी ओर चीन लगातार अपना परमाणु जखीरा बढ़ा रहा है।
ट्रम्प पहले भी पुराने समझौते की जगह अमेरिका, रूस और चीन के बीच नई संधि की वकालत कर चुके हैं। हालांकि, चीन अब तक ऐसी बातचीत में शामिल होने से बचता रहा है।
ईरान पर बात होगी, यूक्रेन युद्ध एजेंडे से बाहर
ट्रम्प बैठक में ईरान का मुद्दा उठाएंगे। अमेरिका और रूस के बीच जारी यूक्रेन युद्ध को लेकर बातचीत इस संयुक्त बैठक का हिस्सा नहीं होगी। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि यूक्रेन युद्ध को लेकर अमेरिका और रूस के बीच अलग से बातचीत चल रही है। चीन उस प्रक्रिया का हिस्सा नहीं है, इसलिए तीनों देशों की बैठक में इस मुद्दे को शामिल नहीं किया गया है।
रेयर अर्थ की सप्लाई बढ़ाने की मांग करेंगे ट्रम्प
ट्रम्प और जिनपिंग की अलग से होने वाली बैठक में रेयर अर्थ मिनरल्स की आपूर्ति का मुद्दा भी उठेगा। अमेरिका चाहता है कि चीन इन खनिजों की सप्लाई बढ़ाए। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, चीन से आपूर्ति हो रही है, लेकिन यह अमेरिकी जरूरतों के हिसाब से पर्याप्त नहीं है।
रेयर अर्थ का इस्तेमाल इलेक्ट्रिक कार, मोबाइल फोन, कंप्यूटर, लड़ाकू विमान और आधुनिक हथियार बनाने में होता है। इन खनिजों की वैश्विक आपूर्ति पर चीन का बड़ा नियंत्रण है। ऐसे में अमेरिका अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए चीन से अधिक आपूर्ति चाहता है।
ये भी पढ़ें: रतलाम में मां ने दो बच्चों के साथ कुएं में लगाई छलांग, तीनों की मौत
1945 में हुई थी याल्टा बैठक
इस बैठक की तुलना फरवरी 1945 में हुई याल्टा कॉन्फ्रेंस से की जा रही है। उस समय अमेरिकी राष्ट्रपति फ्रैंकलिन रूजवेल्ट, सोवियत नेता जोसेफ स्टालिन और ब्रिटिश प्रधानमंत्री विंस्टन चर्चिल एक साथ मिले थे। बैठक में द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यूरोप की राजनीतिक व्यवस्था और भविष्य को लेकर चर्चा हुई थी। करीब 80 साल बाद एक बार फिर दुनिया की प्रमुख शक्तियों के नेता वैश्विक सुरक्षा से जुड़े अहम मुद्दों पर एक साथ चर्चा करेंगे।

