बालाघाट: जिले के आदिवासी बाहुल्य बिरसा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मछुरदा के ग्राम गठिया में संचालित ‘रानी दुर्गावती आदिवासी कन्या आश्रम’ शासन के दावों की पोल खोल रहा है। विशेष पिछड़ी बैगा जनजाति की बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा के लिए खोला गया यह आश्रम वर्तमान में पूरी तरह से अव्यवस्थाओं और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुका है। आलम यह है कि आश्रम में न तो छात्राएं मौजूद रहती हैं और न ही आश्रम अधीक्षिका, लेकिन रजिस्टर में प्रतिदिन बच्चों की पूरी हाजिरी दर्ज कर शासन को लाखों रुपये का चूना लगाया जा रहा है।
ग्रामीणों और पालकों ने आश्रम प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए
ग्रामीणों और पालकों ने आश्रम प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि आश्रम में छात्राओं की वास्तविक संख्या न के बराबर रहती है। इसके बावजूद आश्रम अधीक्षिका शशिकला जामधाड़े द्वारा उपस्थिति पंजी में सभी बच्चों की नियमित हाजिरी भरी जाती है। ग्रामीणों का आरोप है कि फर्जी हाजिरी के दम पर हर महीने राशन और अन्य मदों के लाखों रुपये के बिल तैयार किए जाते हैं, ताकि इस राशि का बंदरबांट किया जा सके। नियमानुसार आवासीय आश्रम में अधीक्षिका का रात्रि विश्राम अनिवार्य है, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार अधीक्षिका शशिकला जामधाड़े कभी भी आश्रम में रात नहीं रुकतीं। बैगा आदिवासी समाज की छोटी-छोटी बच्चियों को उनके हाल पर छोड़ दिया जाता है, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर हमेशा खतरा बना रहता है।
दूसरी ओर, आश्रम में पदस्थ चपरासी राम मेरावी भी अपनी ड्यूटी से नदारद रहता है। उसने अपने स्थान पर ‘तेलगु’ नामक एक स्थानीय ग्रामीण को महज कुछ रुपये के मानदेय पर काम करने के लिए रखा हुआ है, जो अपने पूरे परिवार के साथ आश्रम परिसर में ही निवास कर रहा है।
मामले में प्रशासन की कार्यप्रणाली भी संदेह के घेरे में
इस मामले में प्रशासन की कार्यप्रणाली भी संदेह के घेरे में है। बीते अगस्त माह में जब पूरा गांव गंभीर बीमारी एवं कुपोषण से जूझ रहा था जिसमें तीन दर्जन से अधिक आदिवासी बच्चों की मौत हो गयी। उस समय स्वयं सहायक आदिवासी आयुक्त शकुंतला डामोर और बिरसा बीआरसी ने आश्रम का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान अधीक्षिका की घोर लापरवाही और आश्रम की बदहाली उजागर हुई थी, जिस पर सहायक आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद बिरसा बीआरसी ने भी मामले की विस्तृत जांच कर लापरवाही का पंचनामा तैयार किया और कार्रवाई के लिए सहायक आयुक्त कार्यालय भेज दिया।
ये भी पढ़ें: PM मोदी आसियान समिट के लिए फिलीपींस पहुंचे, कल राष्ट्रपति ट्रम्प से करेंगे मुलाकात
अधीक्षिका पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई
हैरानी की बात यह है कि पुख्ता प्रमाण और जांच रिपोर्ट होने के बावजूद आज दिनांक तक अधीक्षिका पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि आश्रम की दुर्दशा और अधीक्षिका के रवैये से पालकों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से अधीक्षिका शशिकला जामधाड़े को हटाने की मांग कर रहे हैं, जिसके प्रमाण के तौर पर उनके पास आश्रम की बदहाली के फोटो और वीडियो भी मौजूद हैं। पालकों ने प्रशासन को दो-टूक चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही लापरवाह अधीक्षिका को पद से नहीं हटाया गया और व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो वे अपनी बच्चियों को इस आश्रम में भेजना पूरी तरह बंद कर देंगे।

