सीहोर: मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के बुधनी में बुधवार सुबह एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। माना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 12 स्थित घर में पति-पत्नी और उनके जवान बेटे के शव खून से लथपथ हालत में मिले। तीनों के सिर पर गंभीर चोटों के निशान हैं। शुरुआती जांच में घर से लूटपाट के कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस पुरानी रंजिश, पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
बकरियों के चिल्लाने पर खुला मामला
बुधवार सुबह घर में बंधी सात से आठ बकरियां लगातार चिल्ला रही थीं। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने और परिवार के किसी सदस्य की हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा तो कमरे में राकेश मीणा (45), उनकी पत्नी राधा मीणा (40) और बेटे अश्विन के शव पड़े थे। तीनों की हत्या की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की।
सिर पर गंभीर चोटें, एक से अधिक हमलावरों की आशंका
प्रारंभिक जांच में तीनों के सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। आशंका है कि किसी भारी या धारदार वस्तु से हमला किया गया। वारदात के तरीके को देखते हुए पुलिस एक से अधिक हमलावरों की भूमिका की भी जांच कर रही है। हालांकि, हत्या में इस्तेमाल हथियार और हमलावरों की संख्या को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बाथरूम में मिला मोबाइल, घर में लूटपाट के संकेत नहीं
पुलिस को घटनास्थल पर राकेश मीणा का मोबाइल बाथरूम में पड़ा मिला, जिसे जब्त कर लिया गया है। घर की अलमारी और कीमती सामान की जांच में छेड़छाड़ के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं। ऐसे में लूटपाट के इरादे से हत्या किए जाने की आशंका फिलहाल कमजोर नजर आ रही है। पुलिस मोबाइल की जांच और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के जरिए भी जानकारी जुटा रही है।
दस साल से बुधनी में रह रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, राकेश मीणा मूल रूप से राजगढ़ जिले के जीरापुर के रहने वाले थे। वह करीब दस साल से बुधनी के माना क्षेत्र में परिवार के साथ रह रहे थे। बाजार और मेलों में जूते-चप्पल की दुकान लगाकर परिवार का गुजारा करते थे। करीब एक महीने पहले उनका ऑटो दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें राकेश और राधा को चोटें आई थीं। इसके बाद बेटा अश्विन दोबारा दुकान शुरू करने की तैयारी कर रहा था।
सोमवार दोपहर आखिरी बार देखा गया था परिवार
स्थानीय लोगों के मुताबिक, परिवार के सदस्यों को आखिरी बार सोमवार दोपहर करीब 12 बजे देखा गया था। पुलिस का अनुमान है कि सोमवार रात से बुधवार सुबह के बीच हत्या की गई होगी। वास्तविक समय पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगा।
जीरापुर से जुड़े दस्तावेज, परिजनों की तलाश
पुलिस को घटनास्थल पर परिवार का कोई करीबी रिश्तेदार नहीं मिला। दस्तावेजों और एसआईआर रिपोर्ट की जांच में परिवार का संबंध राजगढ़ जिले के जीरापुर से सामने आया है। पुलिस स्थानीय बीएलओ और जीरापुर पुलिस की मदद से परिजनों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही परिवार की पुरानी पृष्ठभूमि और किसी संभावित विवाद की भी पड़ताल की जा रही है।
येे भी पढ़ें: अप्रैल में दूसरे जिले की विधानसभा में 25 दिन रहेंगे भाजपा के नेता, बूथ स्तर पर करेंगे संगठन की समीक्षा
एफएसएल और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी रवि शर्मा, थाना प्रभारी सुनील ठाकुर और एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ और डॉग स्क्वॉड ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे के मुताबिक, घर में लूटपाट के संकेत नहीं मिले हैं। पुरानी रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

