नई दिल्ली: दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया ने चीन को अपने शक्तिशाली AI चिप्स की सप्लाई रोकने का फैसला किया है। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प चीन के दौरे पर हैं। कंपनी की अंतरिम CEO कोलेट क्रेस ने तिमाही नतीजों के दौरान इसकी जानकारी दी। हालांकि, कंपनी ने सप्लाई रोकने की वजह और इस फैसले की अवधि को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है।
एनवीडिया के इस फैसले का असर चीन की प्रमुख टेक कंपनियों के AI प्रोजेक्ट्स पर पड़ सकता है। इनमें अलीबाबा, टेनसेंट और टिकटॉक की पेरेंट कंपनी बाइटडांस समेत करीब 10 बड़ी कंपनियां शामिल हैं।
चीन के AI चिप बाजार में 34% हिस्सेदारी
एनवीडिया का चीन के AI चिप बाजार में बड़ा दबदबा रहा है। 2026 की पहली छमाही के आंकड़ों के अनुसार, चीन में इस्तेमाल होने वाली AI चिप्स में कंपनी की हिस्सेदारी करीब 34% थी। यानी बाजार में बिकने वाली हर तीन में से लगभग एक चिप एनवीडिया की थी। हालांकि, 2025 में कंपनी की हिस्सेदारी करीब 55% थी। इसके बावजूद चीन के AI उद्योग में एनवीडिया की अहम भूमिका बनी हुई है।
पिछली तिमाही में 2.4 अरब डॉलर की बिक्री
कोलेट क्रेस के मुताबिक, 25 अक्टूबर को समाप्त हुई पिछली तिमाही में एनवीडिया ने चीन को करीब 2.4 अरब डॉलर यानी लगभग 22,430 करोड़ रुपये के AI डेटा सेंटर चिप बेचे थे। कंपनी ने फिलहाल आगे चीन को इन चिप्स की सप्लाई करने की योजना से इनकार किया है।
इस फैसले से अमेरिका और चीन के बीच हुए विशेष चिप समझौते के भविष्य पर भी सवाल उठने लगे हैं। कंपनी की हॉपर सीरीज के H200 जैसे शक्तिशाली चिप्स का इस्तेमाल बड़े AI मॉडल और चैटबॉट तैयार करने के साथ उन्हें संचालित करने में किया जाता है।
पहले अमेरिका ने लगाई थी रोक, फिर दी थी छूट
अमेरिका ने वर्ष 2022 में चीन को उन्नत AI चिप्स की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया था। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात के बाद चुनिंदा चीनी कंपनियों को H200 चिप बेचने की अनुमति दी थी। जनवरी में अमेरिकी प्रशासन ने कुछ सुरक्षा शर्तों के साथ इनकी बिक्री के नियमों में ढील भी दी थी।
इस मंजूरी के लिए एनवीडिया के तत्कालीन CEO जेन्सेन हुआंग ने अमेरिकी सरकार के सामने लंबे समय तक पैरवी की थी। हालांकि, उनके इस्तीफे के बाद कंपनी की नीति में बदलाव की खबर सामने आई है। हुआंग पर एक कथित चीनी जासूस और कंपनी की दो महिला कर्मचारियों के साथ संबंधों को लेकर आरोप लगे थे।
ये भी पढ़ें: सोना 11 महीने के निचले स्तर पर, ₹1.32 लाख से नीचे आया; चांदी भी ₹4,665 सस्ती हुई
हांगकांग में अटके छह लाख H200 चिप
अमेरिका ने अलीबाबा, टेनसेंट और बाइटडांस समेत 10 चीनी कंपनियों को H200 चिप बेचने की अनुमति दी थी। ये चिप ताइवान में तैयार किए जाते हैं। चीन भेजने से पहले इन्हें अमेरिका लाने पर 25 प्रतिशत टैरिफ भी लगाया गया था।
दूसरी ओर, चीन भी अमेरिकी तकनीक पर अपनी निर्भरता कम करने की कोशिश कर रहा है। इसी के तहत चीनी सरकार ने इन चिप्स को देश में लाने की मंजूरी देने में सख्ती बरती है। इसके चलते करीब छह लाख H200 चिप हांगकांग में अटके हुए हैं। हालांकि, प्रतिबंधों और सख्ती से पहले चीन की कुछ बड़ी कंपनियां हजारों चिप हासिल करने में कामयाब रही थीं।
एनवीडिया की ओर से सप्लाई रोकने का फैसला ऐसे समय आया है, जब अमेरिका और चीन के बीच AI तकनीक और सेमीकंडक्टर को लेकर प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है।

