भोपाल: मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने आगामी चुनावी तैयारियों और संगठन को मजबूत करने के लिए नई रणनीति बनाई है। इसके तहत अप्रैल में पार्टी ‘सेवा दूत’ अभियान चलाएगी। अभियान के दौरान प्रदेश का प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र दूसरे जिले के एक नेता या कार्यकर्ता को आवंटित किया जाएगा। संबंधित नेता 1 से 25 अप्रैल तक यानी 25 दिन तक उस विधानसभा क्षेत्र में पूर्णकालिक प्रवास करेगा। इस दौरान वह बूथ स्तर पर संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और स्थानीय गतिविधियों की समीक्षा करेगा।
बुधवार को भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी के साथ संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लिया। दिनभर चली बैठकों में पिछले अभियानों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों और संगठन में रिक्त पदों पर नियुक्तियों को लेकर चर्चा हुई।
दूसरे जिले की विधानसभा में होगा प्रवास
बैठकों के बाद प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि ‘सेवा दूत’ अभियान के तहत पार्टी के कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता दूसरे जिले की विधानसभा में 25 दिन तक रहेंगे। उन्हें आवंटित क्षेत्र में बूथ स्तर तक संगठन की गतिविधियों का आकलन करना होगा। प्रवास के दौरान वे स्थानीय कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और संगठन की जमीनी स्थिति की रिपोर्ट तैयार करेंगे। पार्टी इस रिपोर्ट के आधार पर संगठन की मजबूती के लिए आगे की रणनीति बनाएगी।
रिक्त पदों पर जल्द होंगी नियुक्तियां
बैठकों में प्रदेश, संभाग और जिला स्तर पर संगठनात्मक ढांचे की भी समीक्षा की गई। विभिन्न जिलों में खाली पड़े पदों, मोर्चों के जिला अध्यक्षों और प्रकोष्ठों के संयोजक पदों पर नियुक्तियों को लेकर जानकारी मांगी गई। इसके अलावा प्रत्येक जिले से चार वरिष्ठ नेताओं के नामों पर भी विचार किया गया। इन नेताओं को कोर कमेटी या प्रदेश कार्यसमिति में जिम्मेदारी दी जा सकती है।
खंडेलवाल ने कहा कि जिलों, मोर्चों और प्रकोष्ठों में खाली पदों को जल्द भरा जाएगा। बुधवार को सुबह 10:30 बजे प्रदेश पदाधिकारियों और संभाग प्रभारियों की बैठक हुई। दोपहर 12 बजे संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी और जिला अध्यक्षों के साथ चर्चा की गई। इसके बाद दोपहर 2 से रात 8 बजे तक संभागवार बैठकें चलीं।
सत्ता और संगठन के समन्वय पर भी चर्चा
मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति में संगठन की बैठकें होने के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सत्ता और संगठन की अलग-अलग व्यवस्थाएं हैं, लेकिन जरूरत के अनुसार दोनों मिलकर काम करते हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गांधी सागर में कैबिनेट बैठक के जरिए प्रदेश के विकास कार्यों को गति दे रहे हैं। गुरुवार को बैठकों के दूसरे दौर और शाम को होने वाली निगम-मंडल अध्यक्षों की बैठक में मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
ग्रामीणों को मालिकाना हक देने के फैसले का स्वागत
प्रदेश अध्यक्ष ने गांधी सागर में हुई कैबिनेट बैठक के फैसलों की सराहना की। उन्होंने ग्रामीण आबादी को उनकी जमीन का मालिकाना हक देने के निर्णय को महत्वपूर्ण बताया। खंडेलवाल के मुताबिक, इससे ग्रामीण अपनी जमीन के वैध मालिक बन सकेंगे और जरूरत पड़ने पर बच्चों की शिक्षा तथा परिवार की आर्थिक जरूरतों के लिए बैंक से कर्ज भी ले सकेंगे।
ये भी पढ़ें: चीन को AI चिप की सप्लाई रोकेगी एनवीडिया: ट्रम्प के दौरे के बीच बड़ा फैसला, चीनी बाजार में 34% हिस्सेदारी
रात में दीपावली मिलन समारोह
दिनभर की बैठकों के बाद बुधवार रात प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निवास पर सहभोज और दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया। इसमें संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी और जिला अध्यक्षों को शामिल होने के निर्देश दिए गए थे। पदाधिकारियों से वापसी की यात्रा रात 10 बजे के बाद तय करने को कहा गया था।

