Saturday, November 21, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsभोपाल: खुशीलाल आयुष संस्थान का हर्बल गार्डन आम लोगों के लिए खुलेगा,...

भोपाल: खुशीलाल आयुष संस्थान का हर्बल गार्डन आम लोगों के लिए खुलेगा, होम्योपैथी अस्पताल में बनेंगे प्राइवेट रूम

भोपाल: राजधानी के आयुष चिकित्सा संस्थानों में मरीजों और विद्यार्थियों के लिए सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। पं. खुशीलाल आयुर्वेदिक संस्थान का हर्बल गार्डन अब आम लोगों के साथ स्कूली बच्चों के लिए भी खोला जाएगा। यहां औषधीय पौधों की जानकारी लेने के लिए प्रति विद्यार्थी 10 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं, शासकीय होम्योपैथिक अस्पताल में भर्ती मरीजों को उचित दर पर प्राइवेट रूम की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा पंचकर्म सेंटर, ऑपरेशन थिएटर, जांच प्रयोगशालाओं और चिकित्सा उपकरणों को आधुनिक बनाने की तैयारी है।

गुरुवार को संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा की अध्यक्षता में पं. खुशीलाल आयुर्वेद संस्थान परिसर में आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी चिकित्सा महाविद्यालयों की कार्यकारिणी समितियों की बैठक हुई। इसमें अस्पतालों की चिकित्सा सेवाओं, भवनों और शैक्षणिक सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा कर कई निर्णय लिए गए।

10 रुपये में देख सकेंगे औषधीय पौधे

पं. खुशीलाल आयुर्वेद संस्थान के हर्बल गार्डन को स्कूली बच्चों के भ्रमण के लिए खोलने की सैद्धांतिक मंजूरी दी गई है। स्कूल अपने विद्यार्थियों को यहां भ्रमण करा सकेंगे। इस दौरान उन्हें विभिन्न औषधीय पौधों और उनके उपयोग की जानकारी मिलेगी। प्रति विद्यार्थी 10 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।

संस्थान के पंचकर्म सुपर स्पेशियलिटी एवं वेलनेस सेंटर को भी आधुनिक बनाया जाएगा। इसके लिए स्टीम चैंबर और केरल की पारंपरिक औषधियों के उपयोग की अनुमति दी गई है। बैठक में फार्मेसी भवन के निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही महाविद्यालय और संबद्ध अस्पताल के भवनों की मरम्मत निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए।

होम्योपैथी अस्पताल में ओटी और लैब भी होंगे आधुनिक

शासकीय होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय और हकीम सैयद जिया उल हसन शासकीय यूनानी चिकित्सा महाविद्यालय की बैठक में मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने पर जोर दिया गया। होम्योपैथी अस्पताल में भर्ती मरीजों के लिए उचित दर पर प्राइवेट रूम उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।

अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर, ओपीडी, जांच प्रयोगशालाओं और नेत्र रोग विभाग का आधुनिकीकरण किया जाएगा। मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर के लिए जरूरी उपकरण खरीदने और पैथोलॉजी लैब को अपग्रेड करने के प्रस्तावों को भी सैद्धांतिक सहमति दी गई।

यह भी पढ़ें: AI से बच्चों का ऑनलाइन यौन शोषण बढ़ा, दो साल में 8411% उछाल

200 बिस्तरों का बालिका छात्रावास बनेगा

आयुष परिसर में 200 बिस्तरों वाले बालिका छात्रावास के निर्माण की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा परिसर में अग्निशमन उपकरण और एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ईटीपी) लगाने के प्रस्ताव को भी सैद्धांतिक मंजूरी दी गई। इन व्यवस्थाओं से संस्थानों की बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की योजना है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन