Saturday, November 21, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsAI से बच्चों का ऑनलाइन यौन शोषण बढ़ा, दो साल में 8411%...

AI से बच्चों का ऑनलाइन यौन शोषण बढ़ा, दो साल में 8411% उछाल

नई दिल्ली: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का दुरुपयोग बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। अपराधी अब एआई की मदद से बच्चों की सामान्य तस्वीरों को अश्लील सामग्री में बदलकर उनका यौन उत्पीड़न और ब्लैकमेल कर रहे हैं। दुनियाभर में हर साल 30 करोड़ से अधिक बच्चे किसी न किसी रूप में तकनीक आधारित यौन शोषण का शिकार हो रहे हैं। चिंता की बात यह है कि महज दो साल में एआई से तैयार बच्चों की आपत्तिजनक सामग्री से जुड़ी शिकायतों में 8411 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है।

ब्रिटेन की संस्था चाइल्डलाइट ग्लोबल चाइल्ड सेफ्टी इंस्टीट्यूट की 2026 इनटू द लाइट इंडेक्स रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है। 103 देशों के आंकड़ों पर आधारित अध्ययन के अनुसार, दुनिया में लगभग हर सेकेंड किसी न किसी बच्चे का ऑनलाइन यौन उत्पीड़न हो रहा है। इसमें निजी तस्वीरों और वीडियो का दुरुपयोग, डीपफेक तस्वीरें, ऑनलाइन ग्रूमिंग और ब्लैकमेलिंग जैसे अपराध शामिल हैं।

सामान्य तस्वीरों को अश्लील बनाकर कर रहे ब्लैकमेल

रिपोर्ट के मुताबिक, अपराधी एआई आधारित ऐप और तकनीक का इस्तेमाल कर बच्चों की सामान्य तस्वीरों को अश्लील रूप दे रहे हैं। इन तस्वीरों के जरिए बच्चों को डराया-धमकाया जाता है और उनसे निजी तस्वीरें मांगी जाती हैं। कई मामलों में इस सामग्री का इस्तेमाल ब्लैकमेलिंग के लिए भी किया जाता है। अध्ययन में शामिल 103 देशों में केवल 22 देशों के पास ऐसे अपराधों को दर्ज करने और आंकड़ों का विश्लेषण करने की पर्याप्त व्यवस्था है।

4700 से बढ़कर चार लाख पार पहुंचीं शिकायतें

अमेरिका स्थित नेशनल सेंटर फॉर मिसिंग एंड एक्सप्लॉइटेड चिल्ड्रन (एनसीएमईसी) को एआई से तैयार बच्चों की आपत्तिजनक सामग्री से जुड़ी शिकायतें वर्ष 2023 में करीब 4700 मिली थीं। वर्ष 2025 में इनकी संख्या चार लाख से अधिक हो गई। इस तरह दो साल में शिकायतों में 8411 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई।

इंटरनेट वॉच फाउंडेशन के मुताबिक, 2026 के शुरुआती छह महीनों में ही बच्चों की आपत्तिजनक एआई तस्वीरों के 6310 मामले सामने आए। यह संख्या वर्ष 2025 में दर्ज 4512 तस्वीरों से करीब 40 प्रतिशत अधिक है।

अमेरिका में ऑनलाइन शोषण की शिकायतें 63% बढ़ीं

रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका में 2024 से 2025 के बीच बच्चों के ऑनलाइन यौन शोषण से जुड़ी शिकायतों में 63 प्रतिशत की वृद्धि हुई। कनाडा में यह बढ़ोतरी 18 प्रतिशत रही। दूसरी ओर, फिलीपींस में 2023 से 2025 के बीच बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी सामग्री की रिपोर्ट में 62 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। हालांकि, रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि दर्ज मामले वास्तविक घटनाओं की पूरी तस्वीर नहीं दिखाते।

कई देशों में कानून और निगरानी की कमी

अध्ययन में सामने आया कि कई देशों में ऑनलाइन बाल यौन शोषण रोकने के लिए स्पष्ट कानून और निगरानी व्यवस्था नहीं है। पूर्वी एशिया और प्रशांत क्षेत्र के 37 प्रतिशत देशों में इस संबंध में स्पष्ट कानूनी प्रावधान नहीं हैं। लैटिन अमेरिका और कैरिबियन क्षेत्र के 19.6 प्रतिशत देशों में भी ऐसी स्थिति है।

रिपोर्ट के अनुसार, लैटिन अमेरिका और कैरिबियन क्षेत्र में वर्ष 2025 के दौरान हर 10 हजार बच्चों में से 52.2 बच्चों के यौन शोषण से जुड़े मामले दर्ज किए गए।

पिछले वर्ष जारी इनटू द लाइट इंडेक्स में भारत, नेपाल और श्रीलंका के आंकड़े भी शामिल थे। रिपोर्ट के मुताबिक, तीनों देशों में करीब 5.4 करोड़ बच्चों ने बचपन में ऑफलाइन यौन हिंसा का सामना किया था।

यह भी पढ़ें: भोपाल में 2041 प्रतिष्ठानों को नोटिस, 350 सील; सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से पहले निगम की सख्ती

सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत

चाइल्डलाइट की ग्लोबल डायरेक्टर और एडिनबर्ग यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर डेबी फ्राई के अनुसार, रिपोर्ट के निष्कर्ष बताते हैं कि बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था में कहां सुधार की जरूरत है। ऐसे अध्ययन सरकारों को कमजोरियां पहचानने और प्रभावी कदम उठाने में मदद करते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि एआई के दुरुपयोग को रोकने के लिए सख्त कानून, डिजिटल प्लेटफॉर्म की जवाबदेही और बच्चों के बीच ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाना जरूरी है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन