बालाघाट: जागपुर घाट के जंगल में शुक्रवार को 21 वर्षीय छात्र का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ग्राम भटलाई निवासी अरुण ठाकरे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मौत से पहले उसने अपने बचपन के दोस्त को वीडियो कॉल कर आत्महत्या करने की बात कही थी। दोस्त उसे लगातार समझाता रहा, लेकिन उसने कॉल के दौरान ही अपनी जान दे दी।
जानकारी के अनुसार, अरुण पिछले करीब दो वर्षों से बालाघाट में रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह स्थानीय सरदार पटेल कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे उसने अपने बचपन के दोस्त कपिल को वीडियो कॉल किया और आत्महत्या करने की बात कही। बताया गया कि उसने अपनी महिला मित्र को भी फोन कर इसकी जानकारी दी थी। कपिल ने उसे ऐसा कदम नहीं उठाने के लिए काफी समझाया, लेकिन अरुण नहीं माना। इस घटनाक्रम ने परिजनों और परिचितों को झकझोर कर रख दिया।
बाइक विवाद के बाद परेशान था अरुण
इस पूरे मामले में मृतक के बचपन के दोस्त कपिल ने एक अहम घटनाक्रम का जिक्र किया है। कपिल गांव में हार्डवेयर की दुकान संचालित करने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रहा है। उसके मुताबिक, 16 नवंबर की रात उसके घर से बाइक गायब हो गई थी। काफी तलाश के बावजूद बाइक का पता नहीं चला। बाद में जानकारी मिली कि बाइक अरुण अपने साथ ले गया था। बताया गया कि बाइक ले जाते समय उसका छोटा एक्सीडेंट भी हो गया था।
कपिल ने जब दो दिनों तक बाइक के बारे में पूछताछ की तो अरुण ने पहले बाइक ले जाने से इनकार किया, लेकिन बाद में दोस्तों के माध्यम से जानकारी सामने आने पर उसने बाइक ले जाने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद कपिल के परिजनों ने अरुण के परिवार को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बाइक वापस मांगी। दुर्घटना में क्षतिग्रस्त बाइक मरम्मत के लिए गैराज में रखी गई थी।
कपिल का कहना है कि इस विवाद के बाद अरुण मानसिक रूप से परेशान था। हालांकि, महज इस विवाद को आत्महत्या की वजह मान लेना जल्दबाजी होगी। आखिर 21 वर्षीय युवक ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, क्या वह किसी अन्य परेशानी से भी जूझ रहा था या इस घटनाक्रम के पीछे कोई और कारण था, इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।
यह भी पढ़ें: बांग्लादेश में फिर आगजनी: विदेश राज्य मंत्री के घर पर पेट्रोल बम से हमला, PM ने हसीना पर लगाया हिंसा भड़काने का आरोप
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
घटना की जानकारी मिलने के बाद अरुण के परिजनों को सूचित किया गया। उसका छोटा भाई आयुष ठाकरे मौके पर पहुंचा, लेकिन उसे भी यह जानकारी नहीं थी कि आखिर उसके भाई ने ऐसा कदम क्यों उठाया। अरुण के पिता जेसीबी ऑपरेटर हैं, जबकि उसका छोटा भाई भोपाल में रहकर पढ़ाई करता है। परिवार के लिए अचानक सामने आई इस घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
इधर, घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली थाना के भुवनेश्वर ठाकरे ने बताया कि बिरसा थाना से सूचना मिलने के बाद युवक की लोकेशन के आधार पर पुलिस जागपुर घाट के जंगल पहुंची। मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया है। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

