भोपाल: राजधानी भोपाल में दो साल पुरानी खूनी रंजिश ने एक बार फिर जान ले ली। दो भाइयों की हत्या का बदला लेने के लिए चार सगे भाइयों ने 55 वर्षीय किसान धूल सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपियों ने किसान पर कुल्हाड़ी और डंडों से हमला किया और वारदात के बाद शव गांव के बाहर नाले में फेंक दिया। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना नजीराबाद थाना क्षेत्र के सुथला गांव की है।
बेटे के साथ खेत जा रहे थे किसान
पुलिस के अनुसार, धूल सिंह अपने बेटे जसवंत के साथ खेत में सिंचाई करने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में चारों आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और कुल्हाड़ी व डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बचने के लिए पिता-पुत्र अलग-अलग दिशाओं में भागे। जसवंत किसी तरह हमलावरों से बचकर घर पहुंच गया, लेकिन धूल सिंह लापता हो गए।
पिता के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव के बाहर नाले में उनका शव मिला। शरीर पर कुल्हाड़ी और डंडों से हमले के गंभीर निशान थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
सरकारी जमीन के विवाद में हुई थीं दो हत्याएं
जांच में सामने आया कि धूल सिंह के परिवार और पूर्व सरपंच गणपत सिंह गुर्जर के परिवार के बीच सरकारी जमीन को लेकर करीब दो साल से विवाद चल रहा था। वर्ष 2024 में इसी रंजिश के चलते धूल सिंह के परिवार के सदस्यों ने गणपत सिंह के परिवार के दो सगे भाइयों रंगलाल और उनके एक अन्य भाई की हत्या कर दी थी।
इस दोहरे हत्याकांड में धूल सिंह के परिवार के 16 सदस्य जेल में बंद हैं। बताया जा रहा है कि पुराने मामले में समझौते के लिए भी दबाव बनाया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, इसी पुरानी दुश्मनी का बदला लेने के इरादे से चारों भाइयों ने धूल सिंह की हत्या की।
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद किसान का शव परिजनों को सौंप दिया गया।

