Saturday, November 21, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsबांग्लादेश में फिर आगजनी: विदेश राज्य मंत्री के घर पर पेट्रोल बम...

बांग्लादेश में फिर आगजनी: विदेश राज्य मंत्री के घर पर पेट्रोल बम से हमला, PM ने हसीना पर लगाया हिंसा भड़काने का आरोप

ढाका: बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव के बीच आगजनी और हिंसा की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। शुक्रवार को विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर के घर पर पेट्रोल बम फेंककर आग लगा दी गई। घटना के वक्त कबीर घर पर मौजूद नहीं थे। हमले के बाद आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इससे एक दिन पहले प्रदर्शनकारियों ने अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस के घर को भी आग के हवाले कर दिया था।

विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने हमले के लिए पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने पार्टी को आतंकवादी संगठन बताते हुए कहा कि हिंसा के जरिए दिल्ली से किसी भगोड़े को कमर्शियल फ्लाइट से बांग्लादेश नहीं लाया जा सकता। इसके लिए प्रत्यर्पण संधि के तहत ही प्रक्रिया अपनानी होगी। उन्होंने हमले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की बात कही।

PM तारिक रहमान ने हसीना पर साधा निशाना

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने गुरुवार को एक रैली में अवामी लीग पर देश में हिंसा फैलाने और साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 16 साल तक जबरन सत्ता में रहने के बाद देश छोड़कर भागे लोग अब सीमा पार से बांग्लादेश के खिलाफ साजिश कर रहे हैं।

रहमान ने कहा कि वे जिस देश में भागकर गए हैं, वहां उनके आका हैं। उन्हें खुश करने के लिए बांग्लादेश के खिलाफ साजिश रची जा रही है। देश छोड़ने के बाद भी उन्होंने आगजनी और लोगों की हत्या करने की राजनीति बंद नहीं की है।

हालांकि, प्रधानमंत्री ने किसी देश का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को भारत की ओर इशारे के तौर पर देखा जा रहा है। गौरतलब है कि शेख हसीना 5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन के बाद सत्ता से बेदखल होने पर भारत आ गई थीं। तब से वह भारत में रह रही हैं।

यह भी पढ़ें: दो भाइयों की हत्या का बदला लेने किसान को मार डाला: चार सगे भाइयों ने कुल्हाड़ी-डंडों से किया हमला, नाले में फेंका शव

अवामी लीग के बंद के बीच कई जगह हिंसा

शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग ने 19 नवंबर को देशभर में एक दिन के बंद का ऐलान किया था। पार्टी ने हसीना की वापसी की मांग को लेकर करीब एक सप्ताह तक प्रदर्शन और रैलियां की थीं। इसके बाद बंद बुलाया गया।

बंद का सबसे ज्यादा असर दक्षिणी बांग्लादेश के उन जिलों में देखने को मिला, जहां अवामी लीग का मजबूत जनाधार है। इस दौरान कई जगह आगजनी, तोड़फोड़ और हमलों की घटनाएं हुईं।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन